फंस सकते हैं पप्पू के करीबी
वायरल ऑडियो में पप्पू गिरधारी के परिवार के एक सदस्य व आनंद अग्रवाल नाम के व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है। चूंकि, पप्पू गिरधारी ने ऑडियो एआई निर्मित होने का दावा किया है। ऐसे में एसआईटी ये जांच भी कर रही है कि ये प्रमाणित है भी या नहीं। दरअसल, इसी ऑडियो की सत्यता पर मंत्री की ओर से दर्ज कराए मुकदमे का आधार टिका है। पप्पू के कई करीबी एसआईटी की जांच में फंस सकते हैं।
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि उत्तराखंड में गठित एसआईटी के बरेली आने की कोई आधिकारिक सूचना या पुष्टि नहीं है। फिलहाल, देहरादून एसआईटी ने बरेली पुलिस से कोई मदद भी नहीं मांगी है। अगर एसआईटी किसी तरह का सहयोग चाहेगी तो बरेली पुलिस पूरी मदद करेगी।
यह है मामला
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने 15 अक्तूबर को कैंट थाने में पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें मारपीट, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्द कहने, धोखाधड़ी और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही आरोप लगाया गया है कि फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें कंपनियों में निदेशक पद से हटा दिया गया। अब मंत्री के बयानों में बताए गए ठिकानों और वहां उपलब्ध हो सकने वाले दस्तावेजों का सत्यापन जांच का अहम हिस्सा हो सकता है।