महाराणा प्रताप इंटर कालेज हौंसपुर में मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल गृह विज्ञान का पर्चा आउट हो गया। डीआईओएस के नेतृत्व में उड़नदस्ते ने परीक्षा केंद्र पर छापा मारा तो पोल खुल गई। बिना पर्चे के पकड़ी गई एक परीक्षार्थी, दोनों कक्ष निरीक्षकों और केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ शेरगढ़ थाने में एफआईआर दर्ज करवा गई है। इस केंद्र पर परीक्षा निरस्त कर दोबारा परीक्षा कराने की संस्तुति भी की गई है। परीक्षा केंद्र को डिबार करने के लिए भी लिखा गया है।
नकल के लिए बदनाम हौंसपुर गांव के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में मंगलवार को पहली पाली में हाईस्कूल गणित और गृह विज्ञान की परीक्षा थी। डीआईओएस गजेंद्र कुमार की टीम उड़न दस्ता सुबह साढ़े नौ बजे परीक्षा केंद्र के दूसरी मंजिल पर बने कक्ष संख्या 24 में पहुंचा। वहां गृह विज्ञान की परीक्षा दे रही पहली परीक्षार्थी को ही चेक किया तो उसके पास उत्तर पुस्तिका तो थी, लेकिन गृह विज्ञान का प्रश्नपत्र नहीं था। परीक्षार्थी ने बताया कि उसका पेपर कक्ष संख्या 25 की कक्ष निरीक्षक ले गई हैं। इसके बाद उन्होंने कक्ष संख्या 25 में ड्यूटी कर रही कक्ष निरीक्षक से पूछा तो उसने बताया कि परीक्षार्थी के अभिभावक पर्चा देखने का दबाव बना रहे थे, इसलिए बाहर भेज दिया। यह पर्चा सामूहिक नकल कराने के उद्देश्य बाहर भेजा गया था। पर्चा बाहर जाने पर डीआईओएस ने परीक्षा निरस्त करने और दोबारा करने की संस्तुति डीआईओएस को भेज दी है। डीआईओएस ने परीक्षार्थी लक्ष्मी, दोनों कक्ष निरीक्षकों और केंद्र व्यवस्थापक की हैसियत से तैनात इसी कॉलेज के प्रधानाचार्य सियाराम गंगवार के खिलाफ सहायक केंद्र व्यवस्थापक कुसुम कांत द्विवेदी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया है।
एफआईआर कराने के बाद अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक सियाराम गंगवार और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक कुसुम कांत शर्मा दोनों हटा दिए गए हैं। अब जीआईसी अगरास के अक्षय कुमार को केंद्र व्यवस्थापक और अरिनाम यादव को अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है।
कोट
महाराणा प्रताप इंटर कालेज का परीक्षा केंद्र डिबार करने और इस केंद्र पर परीक्षा निरस्त करने के बाद दोबारा कराने की संस्तुति कर दी गई है। बाकी के परीक्षा केंद्र इससे प्रभावित नहीं होंगे।
- गजेंद्र कुमार, डीआईओएस
पर्चा आउट नहीं हुआ, गिर गया था
पर्चा आउट होने का इल्जाम सही नहीं है। दरअसल डीआईओएस के नेतृत्व में उड़न दस्ते के छापे की खबर सुनकर हड़बड़ी में प्रश्नपत्र परीक्षार्थी लक्ष्मी की टेबल से नीचे गिर गया था। बाद में ढूंढने पर मुड़ा पर्चा परीक्षा कक्ष के एक कोने में पड़ा मिल भी गया है।
सियाराम गंगवार, केंद्र व्यवस्थापक, महाराणा प्रताप इंटर कालेज, हौंसपुर
151 छात्राएं दे रही थीं गृह विज्ञान की परीक्षा
मंगलवार को इस परीक्षा केंद्र पर पहली पाली में हाईस्कूल के कुल 548 परीक्षार्थियों में से 444 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 104 अनुपस्थित थे। 202 छात्राओं में से गृह विज्ञान में 187 पंजीकृत हैं। इनमें 151 परीक्षा में शामिल हुईं, जबकि 36 गैरहाजिर रहीं।
---------------
केंद्र व्यवस्थापक के पास थी पर्चों वाली सेफ की चाबी
यूपी बोर्ड के सभी प्रश्नपत्र एक साथ 12 फरवरी को परीक्षा केंद्र पर आए थे। तभी से सभी प्रश्नपत्रों के बंडल कॉलेज के कार्यालय की सेफ में रखे थे। सेफ की चाबी केंद्र व्यवस्थापक के पास रहती थी। रात में परीक्षा केंद्र और प्रश्नपत्रों की हिफाजत का जिम्मा कॉलेज के चौकीदार और एक होमगार्ड के जिम्मे रहता था।
------------
गणित के 12 पेपर भी गायब मिले
बरेली। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के केंद्र पर पहली पाली में परीक्षार्थियों की अनुपस्थित के हिसाब से हाईस्कूल के गणित के 12 पेपर बच गए थे। ये परीक्षा केंद्र पर मिलने चाहिए थे, लेकिन डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने जब बचे हुए पेपर का रिकॉर्ड मांगा तो मिला ही नहीं। पता चला कि वहां पर बचे पेपर का कोई रिकॉर्ड ही नहीं रहता। इस पर शंका हुई कि कहीं गणित का पेपर भी तो बाहर नहीं चला गया है। इसके बाद बचे गणित के पेपर न मिलने से गणित का पेपर भी आउट होने की अफवाहें उड़ीं, लेकिन डीआईओएस ने कहा कि गणित का पेपर आउट नहीं हुआ है।
------------
पंजीकरण नहीं फिर दे रहे थे परीक्षा
बरेली। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में कुछ ऐसे परीक्षार्थी भी मिले, जो पंजीकृत ही नहीं थे, लेकिन इसके बाद भी परीक्षा दे रहे थे। ऐसे लगभग सौ परीक्षार्थी वहां पर मिले हैं। बताया जा रहा है कि जिस विद्यालय की मान्यता नहीं थी, उसकी परीक्षा प्रताप इंटर कॉलेज में कराई जा रही है। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि ऐसे परीक्षार्थियों की जांच के लिए एडीआईओएस आरके सिंह के निर्देशन में कमेटी बना दी गई है।
------------
पेपर उठाकर पढ़ने वाला कक्ष निरीक्षक हटा
बरेली। प्रताप सिंह इंटर कॉलेज शाही में डीआईओएस की टीम ने छापा मारा तो वहां पर एक कक्ष निरीक्षक परीक्षार्थी का पेपर पढ़ रहा था। उन्होंने तुरंत उस कक्ष निरीक्षकों को बाहर निकालने के निर्देश दिए हैं।
आदर्श इंटर कॉलेज में छात्रा के पास निकली नकल
बरेली। आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में पहली पाली के गृह विज्ञान के पेपर में एडीआईओएस आरके सिंह की टीम ने छापा मारा। उन्होंने छात्राओं की तलाशी ली तो एक छात्रा का पास गेस पेपर मिला। गेस पेपर मिलने के बाद छात्रा को नकल में बुक कर दिया गया है।
-------------
फैज-ए-सकलैनिया में सीटिंग प्लान का घपला
बरेली। फैज-ए-सकलैनिया इंटर कॉलेज के परीक्षा केंद्र पर सीटिंग प्लान का घपला मिला है। उड़न दस्ते ने छापा मारा तो उन्होंने सबसे पहले सीटिंग प्लान पूछा। यहां पर कागजों पर सीटिंग प्लान तो था, लेकिन कोई भी परीक्षार्थी सीटिंग प्लान से नहीं बैठा था। यहां पर नवाबगंज के दो कक्ष निरीक्षक भी ड्यूटी करते हुए पाए गए। जबकि, इनकी ड्यूटी यहां पर लगाई ही नहीं गई थी। इसके बाद केंद्र व्यवस्थापक को नोटिस देकर उससे जवाब मांगा गया है।