Nachandi Express looted passengers
मुरादाबाद-लखनऊ रेल मार्ग पर रामपुर के पास जंगल में बदमाशों ने नौचंदी एक्सप्रेस को चेन पुलिंग कर रुकवा लिया। इसके बाद बदमाशों ने दो यात्रियों से नकदी, मोबाइल और पर्स लूट लिया। घटना से यात्री सहम गए। जानकारी पर जब तक ट्रेन में चल रहा जीआरपी का एस्कार्ट कोच में पहुंचा, तब तक बदमाश घटना को अंजाम देकर भाग चुके थे। बरेली पहुंचे यात्रियों ने निल क्राइम नंबर पर जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मंगलवार को नौचंदी एक्सप्रेस मेरठ से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। रामपुर से आगे धमौरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन को बदमाशों ने चेन खींच कर रुकवा लिया। यात्री कुछ समझ पाते कि इससे पहले ही बदमाशों ने ट्रेन में धावा बोल दिया। कोच नंबर एस-7 और एस- 8 पर सवार माधवी देवी पत्नी नारायण सिंह और अंशु राय से बदमाशों ने मोबाइल, नकदी और पर्स छीन लिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। कोच में चीख पुकार मची तो यात्री गाड़ी में तैनात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। करीब दस मिनट तक बदमाशों ने ट्रेन में लूटपाट की। इस घटना से यात्री सहम गए। इस घटना की जानकारी रेलवे कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद बरेली में भी जीआरपी और आरपीएफ को अलर्ट कर दिया गया। ट्रेन बरेली रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो यात्रियों से पूछताछ की गई। इसके बाद ट्रेन में ही पीड़ित लोगों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस अधीक्षक रेल केशव कुमार चौधरी ने बताया कि रात घटना हुई थी। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।