My mother-in-law fled the courage crook
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
शाहदाना कॉलोनी में सरेशाम व्यापारी के घर घुसे चार बदमाश व्यापारी की मां और पत्नी के साहस दिखाते हुए लूटपाट करने में असफल हो गए। हालांकि बदमाशों ने व्यापारी की मां के मुंह में रुमाल ठूंसा और उनकी पत्नी के हाथ में चाकू मारकर घायल कर दिया। व्यापारी की पत्नी ने शोर मचाया तो बदमाश गली में गोली चलाते हुए भाग गए। फायर मिस होने से गोली सड़क पर गिर गई। घटना से कॉलोनी में अफरातफरी मच गई। पुलिस के साथ काफी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
बारादरी इलाके की शाहदाना कॉलोनी निवासी सोनू छावड़ा का पंजाबी मार्केट में जनरल स्टोर है। रविवार शाम सात बजे उनके घर में मां कमला देवी और पत्नी नेहा छावड़ा और बेटी अंशिका थीं। नेहा किचन में खाना बना रही थी और घर का मेनगेट खुला था। इसी दौरान चार बदमाश घर में घुस आए। बदमाश सैफ नाम के व्यक्ति को पूछते हुए किचन में पहुंचे और एक ने जेब से चाकू निकालकर नेहा के पेट पर रख दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दे दी। बदमाश नेहा को किचन से खींचते हुए बाहर ले आए। इस दौरान बदमाश ने नेहा के दाहिने हाथ पर चाकू मार दिया, जिससे वह जख्मी हो गईं। विरोध यह देख सास कमला देवी ने शोर मचाया तो उनके मुंह में रुमाल ठूंस दिया। यह देख नेहा ने एक बदमाश के हाथ में काटते हुए शोर मचाया तो बदमाशों ने घर से भागते हुए गली में गोली चला दी। फायर मिस हो गया और कारतूस जमीन पर गिर गया। घटना से कॉलोनी में खलबली मच गई। व्यापारी नेता दर्शन लाल भाटिया समेत कई लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बताया कि मौके से पुलिस ने कारतूस उठाया और जिस रुमाल को कमला देवी के मुंह में ठूंसा था, उसे भी बरामद कर लिया। बताया कि इंस्पेक्टर बारादरी राजेश सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायल महिला का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। इंस्पेक्टर बारादरी राजेश सिंह ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पहला पहलू लूट के इरादे से बदमाशों के घुसने के बारे में पता लगाया जा रहा है। जबकि दूसरा पहलू सोनू के घर के सामने एक गली है, जो स्टेडियम रोड पर आकर निकलती है। इस गली को बंद करने के लिए दीवार बनाने का काफी समय से दबाव बनाया जा रहा है। इसको भी घटना से जोड़कर जांच की जा रही है। उधर, देर रात काफी संख्या में व्यापारी बारादरी थाने पहुंच गए और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
सामने आने पर एक को पहचान लूंगी
नेहा ने बड़ी ही बहादुरी से बदमाशों का सामना किया। बदमाशों के जाने के बाद भी वह अपने होश हवास में रही और घर आने वाले हर शख्स को वह घटना के बारे में बता रही थी। नेहा का कहना था कि जिस बदमाश ने उसे चाकू मारा वह उसे सामने आने पर पहचान लेगी।
मोहल्ले वालों ने कहा, गली से आते हैं संदिग्ध लोग
स्टेडियम रोड से शाहदाना कॉलोनी के अंदर गली आती है। यह गली जहां खत्म होती है, उसी के सामने सड़क पार सोनू छावड़ा के घर कर दरवाजा है। घटना के बाद जमा हुए मोहल्ले वालों का कहना था कि इसी गली से संदिग्ध लोग आते हैं। बदमाश भी इसी गली से आए और भाग गए। इसलिए यह गली बंद होना चाहिए।