नरियावल में हेयर कटिंग की दुकान चलाने वाले 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश आलमपुर-मेहतरपुर गांव में रोड पर मजार के सामने पड़ी मिली। उसके सीने और मुंह में गोली मारी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या की वजह पड़ोस में रहने वाली रिश्ते की भाभी से अवैध संबंध बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि महिला का बेटा दोनों की दोस्ती का विरोध करता था। कई बार यह विवाद पुलिस तक भी पहुंचा था। पुलिस ने उदयपुर जसरथपुर गांव के प्रधान मोहम्मद जकी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। दंपति समेत चार लोगों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है।
सुबह पुलिस लाश की पहचान नहीं करा पाई थी। बाद में राजकुमार के रूप में शव की पहचान हुई। मौके पर बारह बोर के दो कारतूस भी पड़े थे। प्रधान की सूचना पर पुलिस शव को थाने ले आई। एसपी क्राइम डॉ. एसपी सिंह और सीओ चतुर्थ स्नेहलता ने मौके पर पहुंचकर राजकुमार के बारे में जानकारी की। छानबीन में मालूम हुआ कि राजकुमार का शीतला देवी मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश के पास उठना-बैठना है। पुलिस ने पूछताछ की, जिस पर राजकुमार के महिला सेअवैध संबंधों की बात सामने आई है। पुलिस ने महिला के अलावा उसके पति और दो बेटों को भी थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि रंजिशन हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। मामले की छानबीन की जा रही है, जल्दी ही कोई नतीजा सामने आएगा।
महिला के घर में था तनाव
रविवार शाम को राजकुमार की दुकान के पास उसकी महिला मित्र का बेटा भी देखा गया था। वह राजकुमार के पड़ोस में आदिल की मोबाइल की दुकान पर रीचार्ज कराने आया था। महिला के जिस लड़के पर पुलिस को राजकुमार की हत्या का शक है, उसकी दो साल से मां से बोलचाल तक नहीं थी। राजकुमार को उसने अपनी मां के साथ बैठा देख लिया था। छह महीने पहले पत्नी से संबंध होने को लेकर राजकुमार से महिला के पति का विवाद भी हो गया था। पुलिस ने इस पर दोनों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया था। महिला कई बार उसके साथ घर से भी चली गई है, लेकिन बाद में लौट आई है।
कोट
विवेचना कई बिंदुओं पर हो रही है। छह महीने पहले राजकुमार ने अपना मकान बेचकर नरियावल में किराए पर रहना शुरू कर दिया था। राजकुमार का मकान खरीदने वालों से भी पूछताछ की गई है। कुछ लोगों की कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है। पूरी छानबीन के बाद ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
-स्नेहलता, सीओ