शहर के बिहारीपुर मेमरान में झगड़े वाली मठिया पर बुधवार रात बिजली को लेकर दो पक्षों में तनातनी हो गई। एक इलाके की बिजली बंद होने पर दो पक्षआमने-सामने आ गए। माहौल बिगड़ता देख पुलिस पहुंच गई। दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला सुलटा लिया गया।
झगड़े वाली मठिया स्थित चौक पर लगे ट्रांसफार्मर के तीन फेस में से एक फेस खराब होने से बुधवार शाम को एक इलाके की बिजली गुल हो गई थी। जिसकी बिजली विभाग को शिकायत की गई तो कर्मचारी पहुंचे और उन्होंने फेस ठीक करने की कोशिश की। रात करीब नौ बजे तक फाल्ट नहीं मिला तो बिजली विभाग के कर्मचारियों ने कहा कि अब कल ही फाल्ट ठीक कर पाएंगे। इतना सुनते ही वहां मौजूद अंधेरे में डूबे इलाके के लोगों ने बिजली कर्मचारियों से बाकी दोनों फेस को भी बंद करके उन इलाकों की बिजली सप्लाई बंद देने को कहा। बिजली कर्मचारियों ने दूसरे इलाके की बिजली गुल करने से इंकार कर दिया। मौके पर मौजूद दूसरे इलाके के कुछ लोगों ने विरोध भी किया। उन्होंने कहा कि उनके इलाके की बिजली सप्लाई काटने का कोई औचित्य नहीं है। अंधेरे में डूबे इलाके के लोगों से कहा कि वे अपनी सप्लाई ठीक कराएं, दूसरे इलाके के लोगों की सप्लाई नहीं रुकवाई जानी चाहिए। बस इसके बाद दोनों पक्षों में नोकझोंक शुरू हो गई और तनातनी बढ़ने लगी तो दोनों पक्षों के प्रमुख लोग बीचबचाव कराने लगे। इस बीच पुलिस को भी सूचना दे दी गई तो कोतवाल सुधीर पाल धामा और बिहारीपुर पुलिस चौकी प्रभारी सत्यप्रकाश मय फोर्स के पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों को शांत कराकर घरों को भेज दिया।