कोचिंग जाते समय छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले तीन शोहदों को पुलिस ने तेरह दिन में चिह्नित किया है। इनमें दो फाईक इन्कलेव के ही रहने वाले हैं। जबकि तीसरा बिथरी चैनपुर का है। पुलिस ने दो शोहदों के घर दबिश दी, लेकिन अभी तक किसी को भी पकड़ नहीं पाई है। घटना के बाद जिस आजम की मौके से स्कूटी मिली है, पुलिस उसे क्लीनचिट देने की तैयारी कर रही है। विवेचक ने छात्रा के बयान दर्ज कर लिए हैं। उनका कहना है कि छात्रा ने आजम को पहचानने से मना कर दिया है। एसपी सिटी समीर सौरभ ने बताया कि शोहदों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। आरोपियों के परिवार वालों पर शिकंजा कस दिया है।
31 जनवरी को कोचिंग जाते समय छात्रा को रास्ते में रोककर सरेराह छेड़छाड़ करने वालों को चिहिन्त करने में ही पुलिस को तेरह दिन लग गए। आरोपियों को पकड़ने में कितने दिन लगेंगे इसका अभी अंदाजा पुलिस को भी नहीं है। हालांकि पुलिस के आला अफसरों की नाराजगी के बाद विवेचक रामचंद्र ने रविवार को लड़की के घर जाकर उसके बयान दर्ज किए। छात्रा ने एफआईआर का समर्थन किया है। वह आजम को घटना में शामिल से इनकार कर रही है। घटना के बाद से छात्रा और उसके परिवार वाले बेहद डरे हुए हैं। वह किसी से बात करने तक को तैयार नहीं है। पिता ने छात्रा कोचिंग जाना बंद करा दिया है। पुलिस ने जिन शोहदों को चिहिन्त किया है, उनमें एक का नाम अमान और दूसरे का सैफ है। यह दोनों की शोहदे फाईक इन्कलेव के रहने वाले हैं। तीसरा शोहदा बिथरी चैनपुर का रहने वाला इन्हीं का दोस्त है। रविवार को पुलिस की टीम ने दो शोहदों को पकड़े के लिए उनके घर दबिश दी, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि चुनाव की वजह से थाने में फोर्स की कमी है। इसलिए शोहदों के खिलाफ कार्रवाई में देरी हुई है। किसी को बख्शा नहीं जाएगा।