चार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर एक राज मिस्त्री को लूट लिया। उसके विरोध करने पर बदमाशों ने फायर झोंक दिया और रुपये लूटकर मौके से भाग गए। घटना कैंट इलाके में लखौरा गांव के पास हुई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस घंटों लुटेरों को तलाशती रही, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
कैंट थाना क्षेत्र के लखौरा गांव निवासी अनीस अहमद राज मिस्त्री का काम करता है। शुक्रवार शाम वह बाइक पर शहर से अपने घर लौट रहा था। लखौरा गांव से कुछ दूर पहले मिलने चार बदमाशों ने अनीस को घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने फायर झोंक दिया, जिससे वह बाल-बाल बच गया। बदमाशों ने अनीस की जेब में रखने 25 हजार रुपये लूट लिए और धमकी देकर फरार हो गए। अनीस ने घर जाकर इसकी जानकारी दी तो परिवारीजन और तमाम ग्रामीण इकट्ठे होकर घटना स्थल पर गए। उनकी सूचना पर कैंट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। मगर काफी देर तलाशने के बावजूद बदमाश हाथ नहीं आए। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बदमाशों को तलाश जा रहा है।