सुमित की वीडियो क्लिपिंग से कई फंसेंगे। क्लिप में उसने कहा है कि...मैं सुमित चौहान एक बात कहना चाहता हूं। आप सब लोगों के लिए धन्यवाद । मेरे सास-ससुर और साले ने करीब एक लाख रुपये मुझसे उधार लिए थे। जब मैंने मांगे तो मेरी बीवी और इन लोगों ने क्लेश चालू कर दिया। एक दिन मेरी बीवी घर से चली गई थी लड़कर मुझसे। उसके सात-आठ दिन बाद वापस आ गई थी। मैं उसे घर छोड़ गया था। इसके बाद वह चार लाख रुपये के आसपास के जेवर और 60-70 हजार के महंगे कपड़े लेकर चली गई। इसके बाद मैंने उसको बुलाने की कोशिश की तो वे लोग कह रहे हैं, तुम पर दहेज एक्ट लगवाएंगे। तुमको बंद कराएंगे। तुम पर गैंगस्टर लगी है, तुम जे हो-वो हो। मैं आप लोगों से एक ही बात कहना चाहता हूं कि मैं इनसे थक चुका है। इन लोगों ने मुझे इतना टॉर्चर किया है कि मैं पागल हो जाता, इसलिए आत्महत्या कर रहा हूं। इन लोगों को सजा जरूर दिला देना मेरे दोस्तों। मेरा सब कुछ मेरे भाई अंकित को दिला देना। वह मेरे बेटे को पाल लेगा। मेरी बीवी को बेटा मत दिलाना, वह उसे भी इसी तरह टॉर्चर करेगी कि वह भी सुसाइड कर लेगा।
तलाक के प्रस्ताव से टूटा सुमित
सुमित अपनी पत्नी कीर्ति से बेहद प्यार करता था। बृहस्पतिवार दोपहर उसके चाचा सुमित के पास आए थे। सुमित के बड़े भाई अमित ने बताया कि वह किसी अधिवक्ता के पास बैठते हैं। उन्होंने सुमित के सामने कीर्ति से तलाक का प्रस्ताव रख दिया। पत्नी से विवाद के बाद सुमित पहले से ही डिप्रेशन में था। तलाक का प्रस्ताव आने के बाद उसने खुद को खत्म करने का फैसला कर लिया।
वीडियो बनाते समय कमरे में खेल रहा था बेटा
वीडियो बनाते समय सुमित का मासूम बेटा कमरे में ही खेल रहा था। पड़ोस में उसके बड़े भाई अमित चौहान और अंकित चौहान का घर है। वीडियो बनाते समय उसे किसी के घर आने का भी डर था, इसलिए जरा सी भी आहट होने पर चौंक रहा था। वीडियो बनाने के बाद उसने बेटे को अपनी भाभी रिंकी सिंह के पास भेज दिया। इसके बाद खुद कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मां ने भी की थी खुदकुशी
तीन साल पहले सुमित की मां नन्हीं देवी ने भी खुदकुशी कर ली थी। पिता नत्थू सिंह चौहान गांव में परचून की दुकान चलाते हैं और थोड़ी बहुत खेती की जमीन है। नन्हीं देवी के भाई ने बताया कि वह सुमित की शादी को लेकर टेंशन में रहती थीं। कीर्ति ने कई बार उन्हें भी बेइज्जत किया था।
सब्जी काट रही थीं रिंकी
सुमित के बराबर में उसके तीन भाइयों की जमीन है। सुमित ने आगे का हिस्सा ले रखा है। उसके बराबर में तीनों भाइयों का हिस्सा है, इसलिए प्लाट की गहराई काफी है। सुमित का छोटा सा दरवाजा भाइयों की तरफ तो खुला है, लेकिन उसने आत्महत्या से पहले इसे बंद कर लिया था। भाभी रिंकी मकान के पिछले हिस्से में डेक बजाकर सब्जी काट रहीं थीं, इसलिए फायर की आवाज उन्हें सुनाई ही नहीं दी।
दाहिनी तरफ तमंचे से मारी गोली
सुमित ने कनपटी पर दाहिनी तरफ गोली मारकर आत्महत्या की है। गोली 315 बोर के तमंचे से चलाई गई है। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर हैंडवॉश और तमंचे से अंगुलियों के निशान लेकर जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिए हैं।
अमित को सब्जी खरीदते वक्त मिली सूचना
2.47 बजे सुमित ने सुसाइड करने का वीडियो अपने 12 दोस्तों को वायरल कर दिया था। उसके बड़े भाई अमित व्हाट्सएप चलाते ही नहीं हैं, इसलिए उन्हें मालूम नहीं हो पाया। वह काम से लौटने के बाद मोहल्ले में ठेलेवाले से सब्जी खरीद रहे थे, इसी दौरान मोहल्ले के एक युवक ने अमित को वीडियो की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने घर पहुंचकर सुमित के बारे में पत्नी से जानकारी की। देखा तो दरवाजा बंद था।