जीपीएस की मदद से उत्तराखंड से चोरी ट्रक को चोर समेत इज्जतनगर इलाके में बैरियर टू पुलिस चौकी पर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हवालात में डाल दिया है।
मंगलवार की सुबह बहेड़ी के जोखनपुर गांव का सुधीर कुमार रुद्रपुर(उत्तराखंड) से खाली ट्रक चोरी करके ला रहा था। उसे मालूम ही नहीं था कि ट्रक में जीपीएस(ट्रैकिंग सिस्टम) लगा है। ट्रक मालिक ने पुलिस को सूचना देकर अपने मोबाइल से ट्रक को ट्रैक करना शुरू कर दिया। इस दौरान मालूम हुआ कि चोर ट्रक को बरेली दिशा की तरफ ले जा रहा है। ट्रैक होने पर ट्रक को हाफिजगंज पुलिस ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वहां से चालक लेकर भाग आया। प्रभारी निरीक्षक रामगोपाल शर्मा ने बताया कि इज्जतनगर में दोपहर करीब एक बजे ट्रक को पकड़कर चोर को भी पकड़ लिया गया। रूद्रपुर पुलिस को ट्रक की बरामदगी और चोर की गिरफ्तारी की सूचना देकर बुलाया जा रहा है। लिखा-पढ़ी करने के बाद ट्रक और चोर वहां की पुलिस को सौंप दिया जाएगा।