फतेहगंज पश्चिमी के गांव धन्तिया में जेल से जमानत पर छूटे व्यक्ति ने रात में पड़ोस के घर में 18 साल की लड़की से तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर लड़की को पीटा। मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़िता गुरुवार को बरेली जाकर एसएसपी से मिली और घटना की जानकारी दी। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने संगीन दफाओं में एफआईआर दर्ज की। पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा गया है।
जेल से जमानत पर छूटा धन्तिया गांव का युवक वारिस खान 6 मार्च 2018 की रात पीड़िता के घर में घुस गया। घटना के वक्त उसके पिता मजदूरी करने गया था। मां बरामदे में और पीड़िता कमरे में सो रही थी। वारिस कमरे में पहुंचा और तमंचे के बल पर बलात्कार किया। पीड़िता ने बुधवार को मां संग थाने पहुंचकर तहरीर भी दी लेकिन पुलिस ने एफआईआर नहीं लिखी। गुरुवार को पीड़िता बरेली पुलिस दफ्तर में एसएसपी जोगेंद्र कुमार से मिली और आपबीती सुनाई। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फतेहगंज पश्चिमी एसएचओ को जरूरी कार्रवाई के आदेश दिए। वारिस खान के विरुद्ध तमंचे से डरा-धमकाकर रेप करने, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में दबिशें दे रही हैं।