मेरठ की लड़की को धर्म बदलवाकर बरेली ले आए युवक ने उससे शादी की। इसके बाद दूसरी लड़की के प्रेम-प्रसंग में पड़ गया। पत्नी ने विरोध किया तो उसे छोड़ने की चेतावनी देने लगा। इस पर पत्नी उसे लेकर सुभाष नगर थाने पहुंची। यहां दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए। स्थानीय गांव सिमोरा का निवासी प्रमोद बेलदारी करता है। सालभर पहले उसने मेरठ में किसी ठेकेदार के बुलावे पर काम किया। वहां नगमा नाम की युवती से उसकी दोस्ती हो गई। नगमा को वहां से लाकर बदायूं के आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। नगमा का नाम कमलेश रख दिया गया। प्रमोद शुक्रवार को पत्नी के साथ सुभाष नगर थाने पहुंचा। कहा कि पत्नी उसे छोड़कर मायके जाने और अपने पूर्व धर्म में वापसी की बात कहती है। वहीं, युवती ने इससे इंकार किया। कहा कि वह दूसरी लड़की के संपर्क में है। तलाक लेकर उससे शादी करना चाहता है। एसएसआई बलवीर सिंह ने इन्हें समझाकर घर भेज दिया। साथ ही प्रमोद को न सुधरने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।