बारात चढ़त के दौरान शराब के नशे में हर्ष फायरिंग कर दी गई। जिसकी गोली लगने से एक किशोर घायल हो गया। फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई। घायल किशोर को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
फरीदपुर क्षेत्र के गांव पिपरथरा निवासी ओमप्रकाश की बेटी किरन की बृहस्पतिवार रात शादी थी। उनके यहां शाहजहांपुर के ग्राम मानुपर से बारात आई थी । बताया जाता है कि शादी समारोह का जश्न चल रहा था । इसी बीच गांव के रहने वाले दुल्हन के रिश्ते के भाई ने शराब के नशे में तमंचे से फायरिंग कर दी । तमंचे से निकली गोली बारात देख रहे 13 वर्षीय अमन शाह पुत्र रियासत शाह के गर्दन पर लग गई । अमन वहीं गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अमन को आनन फानन में बरेली के निजी अस्पताल लाया गया, जहां आपरेशन कर डॉक्टरों ने उसकी गर्दन में लगी गोली निकाल दिया। फिर भी उसकी हालत नाजुक बताई गई है। पुलिस ने घायल के परिजनों की ओर से आरोपी आशाराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।