सुभाषनगर इलाके के नेकपुर में ललितादेवी मंदिर के पास पूर्व पार्षद मायादेवी के घर पर आधा दर्जन लोगों ने रंजिशन फायरिंग करके दहशत फैला दी। मदद के लिए आए स्कूल संचालक के घर के पास भी फायरिंग की गई। आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। पीड़ितों ने एसएसपी के शिकायत प्रकोष्ठ में शिकायत तो वहां से मामला सीओ द्वितीय को सौंप दिया गया है।
ललिता देवी मंदिर में पूर्व पार्षद के पति पवन कुमार की दुकान है। मंदिर कमेटी को लेकर चिट फंड एंड सोसायटीज के रजिस्ट्रार के यहां पवन और मंदिर के जुड़े एक व्यक्ति का मुकदमा चल रहा है। पवन का कहना है कि दूसरा पक्ष मुकदमा वापस कराने के लिए दबाव बना रहा है। दुकान खाली कराना चाहता है। पवन कुमार का कहना है कि मंदिर के पास में ही उसका मकान है। एसएसपी की गैर मौजूदगी में शिकायतें सुन रहे सीओ को पवन ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब नौ बजे मंदिर से जुड़े व्यक्ति ने अपने आधा दर्जन साथियों के साथ उसके घर पर फायरिंग शुरू कर दी। उसने दूसरी तरफ से भागकर जान बचाई। फायरिंग लाइसेंसी रायफल से की गई। प्रेमशंकर पटेल ने फायरिंग का विरोध किया तो उस पर भी फायर झोंके गए। सूचना रात को ही देने पर चीता मोबाइल के दो सिपाहियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। तहरीर देने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। सीओ द्वितीय मुकुल कुमार द्विवेदी ने बताया कि शिकायत मिलने पर आरोपी के खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
लाइसेंस निरस्त करने की मांग
पवन कुमार का कहना है कि मंदिर से जुड़ा व्यक्ति चढ़ावे की राशि में भी हेरफेर कर रहा है। उसने कुछ लोग पाल रखे हैं। मंदिर परिसर में दिन भर वह दबंग किस्म के लोगों को इकट्ठा किए रहता है। उसका लाइसेंस निरस्त किया जाना चाहिए।