लखनऊ-काठगोदाम एक्सप्रेस से रुद्रपुर जा रही एसबीआई प्रबंधक की बेटी व माइक्रो मैक्स कंपनी में इंजीनियर जागृति शर्मा का बैग लूटकर लुटेरों ने उन्हें ट्रेन से फेंक दिया और फरार हो गए। वह रक्षा बंधन पर भाईयों को राखी बांधकर ड्यूटी पर जा रही थीं। जागृति बेहोशी की हालत में खून से लथपथ सरस्वती शिशु मन्दिर के सामने भोजीपुरा स्टेशन के यार्ड में पड़ी मिलीं। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना से रेलवे के अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
थाना इज्जतनगर के शास्त्री नगर में रहने वाले एसपी शर्मा मुड़िया नबी नगर की स्टेट बैंक शाखा में प्रबंधक हैं। उनकी बेटी जागृति शर्मा रुद्रपुर(उत्तराखंड) में माइक्रो मैक्स में इंजीनियर हैं। शुक्रवार की सुबह 4.40 बजे एसपी शर्मा बेटी को इज्जत नगर स्टेशन पर काठगोदाम एक्सप्रेस ट्रेन में बैठाकर आए थे। बताते हैं कि इज्जतनगर से चलने के बाद ट्रेन करीब पांच बजे भोजीपुरा स्टेशन पर पहुंच गई। यहां से जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी लुटेरा जागृति का बैग लूटकर भागने लगे। विरोध करते हुए जागृति ने लुटेरों का पीछा करने को दौड़ी तो उन्होंने ट्रेन से धक्का देकर नीचे फेंक दिया। जागृति सरस्वती शिशु मंदिर के पास यार्ड में रेलवे लाइन कि नारे गिरने से बुरी तरह से जख्मी हो गईं। अन्य यात्रियों ने चेन पुलिंग करके ट्रेन को रोक लिया। गार्ड ने वाकी टाकी से स्टेशन मास्टर को घटना की सूचना दी। आरपीएफ के कांस्टेबिल गोविंद गिरि और उनके साथियों ने जागृति को पहले पीएचसी पर भर्ती कराया। गोविंद गिरि ने फोन करके एसपी शर्मा को बुला लिया। शाखा प्रबंधक परिवार के साथ भोजीपुरा पहुंच गए। उन्होंने बेहोशी हालत में जागृति को एसआरएमएस मे भर्ती कराया। यहां से परिवार वाले पीलीभीत रोड बाईपास स्थित एक निजी अस्पताल ले आए।
नीचे दबा मिला मोबाइल
शाखा प्रबंधक एमपी शर्मा ने बताया कि जागृति के चेहरे समेत पूरे शरीर पर चोटों के निशान हैं। दिमाग में भी चोट लगी है। मौके पर वह औंधे मुंह पड़ी मिली थी। मोबाइल उसी के नीचे दबा हुआ था। डॉक्टरों का कहना है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएगी। तीन बहन भाईयों में जागृति दूसरे नंबर की है। जागृति का बड़ा भाई अमित भी इंजीनियर है। छोटा भाई रजत शर्मा अभी पढ़ाई कर रही है।
अब तक की छानबीन में पता लगा है कि लुटेरे अचानक जागृति का बैग छीनकर भागे तो वह पीछे दौड़ गईं। इस दौरान किसी तरह से वह ट्रेन से गिरकर जख्मी हो गईं। मामले में मुकदमा लिखकर आरोपियों की तलाश की जा रही है- रोहनलाल, थाना प्रभारी जीआरपी, सिटी स्टेशन बरेली।
गिहार बस्ती के लड़के करते हैं लूटपाट
भोजीपुरा के कंचनपुर की गिहार बस्ती के लुटेरे ही ट्रेनों में लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। स्टेशन के आसपास भी तमाम खानाबदोश डेरा डालकर रह रहे हैं। पुलिस को उन पर भी शक है। जीआरपी ने संदिग्धों की सूची बनाकर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू करा दी है। जाग्रति के होश में आने के बाद इस मामले में कुछ भी और भी जानकारियां मिलने की उम्मीद है।