बड़ा बाईपास पर शुक्रवार तड़के फिर हादसा हो गया। बिलवा पुल के पास डीसीएम अचानक टर्न लेते हुए ट्रक में घुस गई। हादसे में डीसीएम मालिक और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मेरठ के सरधाना इलाके के खिरवा जलालपुर के रहने वाले थे।
30 वर्षीय आस मोहम्मद फैजाबाद से माल भरकर डीसीएम से आ रहे थे। 25 वर्षीय आसिफ डीसीएम चला रहा था। शुक्रवार तड़के चार बजे बिलवा पुल के पास डीसीएम के आगे चल रहे ट्रक ने अचानक नैनीताल रोड की तरफ से टर्न लिया। डीसीएम का ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और वाहन बेकाबू होकर ट्रक में घुस गया। आस मोहम्मद और आसिफ की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया। थाना सिकंदरा गेट के सिकंदर गेट कोटला मेवातीयान, हापुड़ में रहने वाले आस मोहम्मद के चाचा जमील खां ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। ड्राइवर ट्रक घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। एसओ भोजीपुरा जेपी यादव ने बताया कि ट्रक के मालिक का पता किया जा रहा है।