बदायूं से लौट रहे सिंचाई विभाग के ठेकेदार को नकाबपोश बदमाशों दिनदहाड़े घेरकर खेतों में दौड़ाया और फिर गोली मार दी। ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात आंवला इलाके में महमूदपुर-दलीपुर गांव के बीच हुई। हत्यारे इसके बाद उन्हीं की बाइक पर बैठकर फरार हो गए। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ ठेकेदार की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आंवला के महमूदपुर गांव के 40 वर्षीय मुकेश कुमार शर्मा बदायूं में सिंचाई विभाग में ठेकेदार थे। वह बुधवार सुबह बाइक से बदायूं गए थे। शाम करीब 4.30 बजे आंवला-रामनगर होते हुए घर लौट रहे थे। महमूदपुर और दलीपुर गांव के बीच अरिल नदी की पुलिया के पास चार बदमाशों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मुकेश नहीं रुके तो बदमाशों ने धक्का देकर उनकी बाइक गिरा दी और उन्हें पीटने लगे। मुकेश जान बचाने के लिए खेतों में भागे तो बदमाशों ने कुछ दूर पीछा करके उन्हें घेर लिया और फिर गोली मार दी। सीने में गोली लगने से मुकेश लहूलुहान होकर गिर गए। इसके बाद बदमाश उनकी बाइक लेकर भाग गए। मुकेश ने खुद फोन कर घटना की जानकारी दलीपुर में अपने परिचित नवल किशोर शर्मा को दी। घर वाले जब तक मौके पर पहुंचे तब तक मुकेश दम तोड़ चुके थे।
घटना की सूचना देने पर सीओ कुशलपाल सिंह, आंवला और सिरौली थाने की पुलिस पहुंच गई। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर खेतों में पशु चरा रहे महमूदपुर गांव के लोगों ने बताया कि उन्होंने बदमाशों को देखा लेकिन डर की वजह से पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। घर वालों के मुताबिक मुकेश का एक मोबाइल गायब है। पिता मिहीलाल की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मुकेश की मौत पर घर में कोहराम मचा हुआ है। माता-पिता, भाई, पत्नी चित्रा देवी, एक बेटा और दो बेटियां बदहवास हैं। उनके बड़े भाई प्रेम शंकर प्रधान रह चुके हैं।
--
कोट
बदमाशों के रोकने पर मुकेश बाइक छोड़कर खेतों में भागे। उनका पीछा करके बदमाशों ने गोली मारी और बाइक पर बैठकर भाग गए। बाइक के अलावा बदमाश कुछ भी नहीं ले गए हैं। इससे लगता है कि बदमाशों का इरादा मुकेश की हत्या करना था। हालांकि इसकी वजह सामने नहीं आई है। घर वाले भी कुछ नहीं बता रहे हैं। पुलिस ठेकेदारी की रंजिश के पहलुओं पर भी काम कर रही है।
- कुशलपाल सिंह, सीओ आंवला