कुतुबखाना मस्जिद प्रकरण में बरेलवी और देवबंदी मसलकों के बीच खाई और चौड़ी हो गई है। पुलिस और प्रशासन जहां इस मसले पर दूर से निगाह रखे हुए है वहीं
बरेलवी मसलक के अंजुमन इस्लामियां के सदर हुमायू रियासत की तरफ से हाईकोर्ट में केविएट दाखिल कर दी गई है। सदर ने हाईकोर्ट में कहा है कि कोई भी पक्ष मस्जिद मामले में वाद दायर करता है तो उन्हें भी सुना जाए। उधर देवबंदी मसलक के लोग भी मस्जिद को पाने के लिए कानूनी राय ले रहे हैं, लेकिन किसी की तरफ से अभी तक अदालत में वाद दायर नहीं किया गया है। यह भी खबर है कि दोनों की पक्षों के लोगों मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने के लिए समय मांग रहे हैं। दोनों ही पक्ष सीएम के सामने पूरा मामला रखेंगे।
छात्र से कुकर्म के आरोप में जेल गए मौलाना इम्तियाज हुसैन को बर्खास्त करके अंजुमन इस्लामियां के नए इमाम को नियुक्ति कर देने के बाद 26 मई को बरेलवी और देवबंदी मसलक आमने-सामने आ गए थे जिसके बाद कुतुबखाना मस्जिद में ताला डाल दिया गया था। इसके बाद से ही दोनों मसलकों के लोगों में तनाव बना हुआ है। शुक्रवार को दरगाह आला हजरत के पूर्व सज्जादानशीन मौलाना सुब्हान रजा खां (सुब्हानी मियां) और सज्जादानशीन मौलाना अहसन रजा खां के प्रेस कांफ्रेंस करके मस्जिद को बरेलवी मसलक की बताकर सौंपने की बात कह दी थी। इसके अगले की दिन शनिवार को डीएम ने यथास्थिति बनाए रखने का फै सला दे दिया था। इससे शहर का माहौल फिर से गरमा गया था। सुब्हानी मियां खुद मस्जिद के लिए सड़क पर उतर आए थे। डीएम के फैसला बदलने के बाद उन्होंने कोतवाली से दरगाह लौटने का फैसला लिया था। उसी दिन से फिर मस्जिद में ताला लगा है। डीएम ने इस मामले की दोबारा से सुनवाई करने के लिए कमेटी बनाई थी, लेकिन उस कमेटी के पास फिर से कोई नहीं गया। अब दोनों ही मसलकों के लोग कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी कर चुके हैं। खुफिया विभाग के सूत्रों के मुताबिक देवबंदी पक्ष के कुछ लोग जमात उलेमा-ए-हिंद के प्रमुख मौलाना महमूद मदनी से मिलने के लिए दिल्ली स्थित मरकज गया है। देवबंदियों का एक प्रतिनिधि मंडल इलाहाबाद में सीनियर वकीलों से कानूनी राय भी ले रहा है।
दुकानों में पानी आने पर मचा हड़कंप
बरेली। बुधवार को कुतुबखाना मस्जिद की दुकानों में पानी आने से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। थोड़ी देर बाद पानी बंद होने पर दुकानदारों ने राहत की सांस ली। सुरक्षा के लिहाज से बरेलवी, देवबंदी मिश्रित आबादी कुतुबखाना मस्जिद के दोनों गेट, आजमनगर, कुतुबशाह की ज्यारत, काजीटोला और थाना फरीदपुर के भगवंतापुर गांव में पुलिस फोर्स लगा दी गई है।