बंद पड़ी रबर फैक्ट्री में पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की मिलीभगत से कई सालों से चल रहे लोहा चोरी के खेल का खुलासा पहली बार हुआ है। पुलिस अब तक छापा मारती तो थी मगर न तो लोहे का पता चलता न ही चोर हाथ आते। मंगलवार को कबाड़ी की दुकान में फैक्ट्री से चुराए गए लोहे से भरी मैजिक गाड़ी पकड़ी गई। हालांकि कबाड़ी दुकान छोड़कर भाग गया। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रबर फैक्ट्री से लोहा चोरी करने में कई गैंग सक्रिय हैं। मंगलवार को फतेहगंज पश्चिमी पुलिस नई बस्ती मोहल्ले में भिटौरा पुलिया के सामने बंटी कबाड़ी की दुकान पर छापा मारा। जहां पुलिस को लोहे से भरी मैजिक गाड़ी खड़ी मिली। उसमें रबर फैक्ट्री से चोरी कर लाया गया लोहा भरा था, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। पुलिस को देखते ही राम अवतार और बंटी मौके से भाग गएा। चोरी का लोहा पकड़े जाने की मंगलवार को दिन भर कस्बे में चर्चा रही। चौकी इंचार्ज अमर पाल सिंह ने मैजिक पकड़े जाने से इनकार किया है। इतना जरूर बताया कि कबाड़ी की दुकान से चोरी का दो क्विंटल लोहा बरामद हुआ है। देर शाम तक फतेहगंज पश्चिमी थाने में कबाड़ी बंटी और रामऔतार समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।