आफिस के सामने वर्कशॉप में आने वाले वाहन खड़े करने का विरोध करना एनजीओ संचालिका की जान पर बन आया। वाहनों की मरम्मत करने वालों ने आफिस में घुसकर युवती पर हमला बोल दिया। मारपीट कर छेड़छाड़ करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। यही नहीं आफिस के बाहर खड़ी गाड़ी भी पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दी।
रामपुर रोड स्थित टोयरा कामर्शियल के सामने रहने वाली एक युवती कन्या सुरक्षा से संबंधित एनजीओ चलाती है। उसके एनजीओ आफिस के पास ही वाहन मरम्मत की वर्कशॉप है। उसने बताया कि वर्कशॉप वाले अक्सर उसके आफिस के सामने वाहनों को खड़ा कर देते हैं और वहीं मरम्मत करते हैं। जिससे आफिस का रास्ता अवरुद्ध हो जाता है। चार मई शाम चार बजे भी जब वह आफिस में बैठी थी तो उसके आफिस के सामने वाहन खड़ा कर मरम्मत की जाने लगी। युवती का कहना है कि इसका विरोध करने पर वर्कशॉप चलाने रज्जे, अनूप, विक्की, कमल सीट वाला आदि उसके आफिस में घुस आए और मारपीट कर उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए कपड़े फाड़ दिए। यही नहीं उसकी गाड़ी पर पथराव कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। शोर गुल सुनकर आसपास के लोग और युवती के परिवार वालों ने बीच बचाव कर उसकी जान बचाई। बाकरगंज चौकी इंचार्ज बिरजा राम ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि जांच में भी पाया गया कि आफिस के सामने वाहन खड़े करने के विरोध में ही युवती से मारपीट और छेड़छाड़ की गई है।