सब्जी मंडी के किनारा बाजार में मंगलवार रात अचानक आग लगने से 150 दुकानें जल गईं। अग्निकांड की सूचना पर भगदड़ मच गई। दुकानदार अपना सामान बटोरने दौड़ पड़े मगर लपटें देख उनकी हिम्मत जवाब दे गई। बाद में फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां आग बुझाने पहुंची। हाईवे पर भीड़ बढ़ने और लोगों का गुस्सा देख पुलिस ने बरेली से आने वाले वाहनों को गौसगंज से और शाहजहांपुर से आने वाले वाहनों को पूर्वी चुंगी से बुखारा की ओर मोड़ दिया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निकांड में एक करोड़ से ज्यादा के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
मुख्य सब्जी मंडी में रात लगभग नौ बजे आग की लपटें देख लोग सहम गए। दुकानदार दौड़कर वहां पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया गया। फायर कर्मियों के देर से पहुंचने पर दुकानदार भड़क गए। जो दुकानें बची थी, कारोबारी वहां से सामान निकालने में जुट गए। पुलिस ने तत्काल बरेली कंट्रोल रूम में सूचना दी तो फायर ब्रिगेड की दो और गाड़ियां भेज दी गई। किराना मंडी में रामआसरे, नन्हेलाल, मंगतराम, रमेश, अमरपाल, रामाशंकर, प्रमोद, डालचंद्र, सूरजमल, नवी अहमद, याकूब, सुबोध, मनोज आदि की दुकानें जल गईं।
बता दें कि सब्जी मंडी में चार दिन पहले भी मोहल्ला मिर्धान निवासी हाजी हिददन की दुकान में आग लग गई थी। मंगलवार को अचानक फिर उसी बाजार में आग लग गई। आग का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। शार्ट सर्किट का कारण इसलिए नहीं माना जा रहा है कि क्योंकि उस समय बिजली नहीं आ रही थी। व्यापारी किसी साजिश से इन्कार भी नहीं कर रहे हैं।
आज बंद का ऐलान
व्यापार मंडल के महावीर जायसवाल का कहना था कि पुलिस प्रशासन की चूक की वजह से ही दुकानें जली हैं इसलिए बुधवार को फरीदपुर बाजार बंद का ऐलान किया है। सुबह करीब सात बजे से व्यापारी साहूकारा मोड़ पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।