आईजी विजय सिंह मीना ने सुरेश शर्मा नगर के इंजीनियर दंपति मर्डर केस और पुलिस को चमका देकर भागे बदमाशों को पकड़ने के लिए लगी टीमों के काम की समीक्षा करके फटकार लगाई। बोले, किसी बिना वजह किसी को पकड़ने की जरूरत नहीं है। शक के आधार पर जिसे पकड़ो उसकी पूछताछ रिपोर्ट बनानी होगी। कहानियां सुनाने की जरूरत नहीं है, रिजल्ट चाहिए। ठोस जानकारी होने पर ही लोगों को उठाएं, किसी की भी शिकायत मिली तो कार्रवाई कर दी जाएगी। शुक्रवार को आईजी ने देर शाम को पुलिस अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीमों को अपने बंगले पर बुला लिया। उन्होंने डबल मर्डर के खुलासे में लगी टीमों से प्रगति रिपोर्ट पूछी तो सब अपनी-अपनी कहानी सुनाने लगे। किसी ने कहा कि हम मुरादाबाद से घुमंतू जाति के लोगों को उठाकर लाएं हैं। कोई सिरौली से लाए लोगों पर शक जाहिर करने लगा। आईजी बोले, बातें नहीं रिजल्ट चाहिए। मेहनत करने की जरूरत है। सभी लोग एक साथ मिलकर काम करोगे तो घटना का जल्द ही खुलासा हो जाएगा। आईजी ने भोजीपुरा में सिपाही की गोली से मारे गए मेहरान के साथी पठान उर्फ खान और सोनू उर्फ फौलाद के बारे में जानकारी की, लेकिन उनके बारे में कोई खबर नहीं मिल पाई है। आईजी ने बताया कि डबल मर्डर में कुछ क्लू मिल रहे हैं। टीमें मेेहनत कर रही हैं, उम्मीद है कि जल्दी ही घटना का खुलासा होगा।