तमिलनाडु से बैंक का लॉकर तोड़कर चालीस किलो सोना चुराकर भागे बदायूं के शातिर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसका एक साथी तमिलनाडु में ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से करीब नौ लाख रुपये भी बरामद हुए हैं।
जनपद कृष्णागिरि (तमिलनाडु ) के थाना गुरुवरापल्ली में जनवरी में चोरों ने बैंक ऑफ बड़ौदा का लॉकर तोड़कर चालीस किलो सोना चोरी किया था। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि ककराला (बदायूं) के गैंग ने इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने गैंग के एक चोर को पिछले दिनों तमिलनाडु में ही पकड़ लिया और उसके पास से नौ लाख रुपये बरामद किए। इस चोर ने पूछताछ में अपने एक साथी अबरार पुत्र अनवार निवासी गुरपुरी चंदन थाना बिनावर (बदायूं) को भी चोरी की वारदात में शामिल होना बताया। इसके बाद तमिलनाडु पुलिस अबरार की तलाश में लग गई। अबरार छिपने के लिए बदायूं से बरेली आ गया और संसार इन्क्लेव में किराए के मकान में रह रहा था। सोमवार को पुलिस ने यहां दबिश दी और इस्लामियां कॉलेज के शिक्षक ककराला निवासी फिरोज अहमद को उठाया था। इस पर अबरार पकड़ गया और फिरोज को छोड़ दिया गया। तमिलनाडु पुलिस अबरार को अपने साथ ले गई। उसके पास से कुछ बरामदगी होना भी बताया जा रहा है।