छह साल तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने वाला रिश्ते के भाई ने शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता ने प्रेमनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस जांच करने पहुंच गई। लड़की ने पोल खुलने पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कराने से मना कर दिया। रविवार को दोपहर करीब ढाई बजे एक लड़की ने प्रेमनगर थाने पहुंचकर बताया कि छह साल से उसके मोहल्ले में ही रहने वाले लड़के से संबंध हैं। वह शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध भी बनाता रहा। अब शादी से इनकार कर रहा है। प्रभारी निरीक्षक ने लड़की की बात सुनने के बाद चौकी आवास विकास के प्रभारी तुषार त्यागी को मामले की जांच करने के लिए भेज दिया। चौकी इंचार्ज ने लड़की को चौकी पहुंचने को कहा तो नहीं पहुंची। इस पर वह खुद ही सिपाही लेकर लड़की के पते पर पहुंच गए। वहां पहुंचने पर लड़की उनसे बात करने को ही तैयार नहीं हुई। छानबीन के दौरान पता लगा कि लड़की अपने मामा के साथ रहती है। मामा उसकी शादी की बात कर रहे थे। जबकि वह मोहल्ले में ही रहने वाले अपने रिश्ते के भाई से शादी करना चाहती है। रविवार को दूसरी जगह रिश्ता होने की सुगबुगाहट सुनकर वह प्रेमी के पास गई तो उसने शादी से इनकार कर दिया। इससे गुस्सा होकर वह थाने आई थी। बाद में मामा से मसला बैठकर निपटाने का वादा करने पर कार्रवाई करने से मना कर दिया।