Conductress went overshadowed manhandled
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
रोडवेज बस में महिला कंडक्टर से शराब पीकर गाली गलौज और अभद्रता करना दो यात्रियों को महंगा पड़ गया। कंडक्टर की शिकायत पर पहुंची यूपी 100 की पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर हवालात में डाल दिया। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज की गई है।
पीलीभीत डिपो की बस सोमवार को बरेली से पीलीभीत जा रही थी। महिला कंडक्टर सनिल निवासी सिविल निवासी पीलीभीत ने बताया कि बरेली सैटेलाइट से दो लोग सात साल के बच्चे के साथ सवार हुए। उन्होंने ललौड़ीखेड़ा तक के दो टिकट लिए। बच्चे का आधा टिकट लेने को कहा तो दोनों ने मना कर दिया। इस पर कहासुनी हो गई। बस में बैठे अन्य यात्रियों के बीच बचाव से मामला सुलटा और बच्चे का भी टिकट बनवाया गया। कंडक्टर का कहना है कि शेष बचे दो रुपये खुले न होने पर उन्होंने टिकट के पीछे लिख दिया था लेकिन शराब के नशे में धुत दोनों ने तुरंत दो रुपये देने की मांग कर दी। आरोप है कि अपशब्दों का प्रयोग करने लगे। मामला तूल पकड़ने पर कंडक्टर ने यूपी 100 को फोन कर दिया। पुलिस ने हाफिजगंज के राजघाट पर गाड़ी रोकने को कहा। वहां पहले से ही मौजूद पुलिस ने दोनों यात्रियों को पकड़ लिया और थाने ले आई। पकड़े गए यात्रियों ने अपना नाम केशव सिंह निवासी सिरौली और माखन सिंह बताया। दोनों रिश्तेदार हैं। उन्होंने अभद्रता से इनकार करते हुए कहा कि वे अपने शेष रुपये मांग रहे थे। बस में महिला कंडक्टर हैं यह भी नहीं समझ पाए।