कमिश्नर और डीआईजी ने डीएम और एसएसपी से कहा है कि वह थाना, अपराध बहुल क्षेत्र, भीड़-भाड़ और ट्रैफिक वाले इलाकों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरा स्थापित कराएं। कानून व्यवस्था में सीसीटीवी कैमरा काफी सहायक हैं। विधानसभा चुनाव से पहले अवैध शस्त्रों को बनाने वाले सक्रिय हो सकते हैं, इसीलिए उनके अड्डों, नकली दूध तथा अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी की जाए। इस कार्रवाई से पहले खुफिया जानकारी एकत्रित की जाएं, अपराधिक मामलों में मजबूत पैरवी की जाए और अपराधियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जाएं।
कमिश्नरी में मंडलीय समीक्षा के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंडल के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से कहा कि वह जन्माष्टमी पर सतर्कता बरतें। प्रत्येक थाने में 10 किलोवाट का सोलर पैनल लगेगा जिससे 24 घंटे बिजली आपूर्ति होती रहेगी। कमिश्नर ने नेपाल सीमा पर बीएसएनएल के टावर स्थापित कराने के बारे में पीलीभीत के डीएम को निर्देश दिए।
विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखें। निर्माण शुरू होने के दौरान ही डीएम और सीडीओ सहित सभी अधिकारी गांवों में बने रहें। सीसी रोड, नाली निर्माण की गुणवत्ता को चेक कराएं। निर्माण में गड़बड़ी, गबन होने पर ऐसे मामले थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने तक सीमित नहीं रहें। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सजा दिलाने तक पैरवी की जाए। अन्यथा गड़बड़ी करने वाले समझेंगे कि रिपोर्ट दर्ज कराने से कुछ नहीं होता।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में मिड डे मील वितरण ठीक और गुणवत्ता के साथ हो। इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी न की जाए। गांवों में खेल के मैदान विकसित हों, गैर हैाजिरी के आदी शिक्षकों का वेतन रोकने से काम नहीं चलेगा उनके खिलाफ निलंबन और बर्खास्तगी तक की कार्रवाई की जाए। बैठक में बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत तथा बदायूं के डीएम, एसएसपी तथा सीडीओ उपस्थित थे।