ड्राइवर को नींद की झपकी आ जाने से बरेली-लखनऊ हाईवे पर शुक्रवार रात बीच सड़क में ट्रक पलट गया। जरा सी देर में दोनों ओर से वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस के समय पर न पहुंचने पर जाम लंबा हो गया। सुबह तक जाम नहीं खुला तो पुलिस प्रशासन हरकत में आया। शनिवार सुबह इंस्पेक्टर वीके मिश्रा ने वाहनों को जैतीपुर मार्ग से निकालना शुरू किया लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। बरेली से क्रेन बुलाई गई लेकिन वह भी जाम में फंस गई। 10 बजे किसी तरह वन वे कर वाहनों को एक-एक कर निकाला गया। अपराह्न बाद तक स्थिति में सुधार नहीं हो सका। इससे रेलवे रूट भी प्रभावित हुआ। हादसा शुक्रवार रात 12 बजे थाने के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि ट्रक शाहजहांपुर की ओर से आ रहा था। इसमें प्लाईवुड लदी थी। ड्राइवर मेरठ निवासी सोनू को झपकी आई तो ट्रक पलट गया। पुलिस ने ड्राइवर को थाना में बैठा लिया है और ट्रक को जब्त कर लिया गया है।