बहन के घर रह रही एक युवती की लाश मंगलवार देर रात फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। युवती की बहन का कहना है कि उसकी बहन ने कमरे के पंखे पर फंदा बनाकर फांसी लगा ली। युवती के परिवार वाले उसकी मौत के पीछे कोई वजह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं। युवती का रिश्ता तय कर एक दिन पहले ही गोद भराई की गई थी, उसकी मौत को इस रिश्ते में उसकी सहमति न होने से जोड़कर देखा जा रहा है। पोस्टमार्टम में युवती के मरने की वजह लटकना आया है।
18 वर्षीय रचना फतेजगंज पूर्वी में अपनी बड़ी बहन लक्ष्मी के साथ उनकी ससुराल में बचपन से रहती थी। रचना के पिता और पूरा परिवार शाहजहांपुर की तहसील तिलहर के गांव रूजुआरी में रहता है। रचना अपने पिता रामपाल के छह बच्चों में चौथे नंबर की बेटी थी। रचना की शादी पिता ने थाना जैतीपुर के गांव अबा के सत्यदेव से तय कर दी थी। पिता रामपाल बोले, बेटी की रजामंदी से ही शादी तय की थी। तीन महीने पहले रोक की रस्म की गई। रविवार को लड़के वाले गांव आकर गोद भराई की रस्म कर गए थे। रस्म के लिए बेटी लक्ष्मी के साथ रचना को उन्होंने गांव रूजुआरी ही बुला लिया था। इसके बाद अगले दिन सोमवार को रचना अपनी बहन लक्ष्मी के साथ फतेजगंज पूर्वी आ गई। बहन लक्ष्मी का कहना है कि वह अपने तीन बच्चे और बहन रचना के साथ मंगलवार को बरामदे में सो रही थी। रात दो बजे जब वह उठी तो रचना नहीं दिखी, जिसके बाद जब उसने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटकी थी।
बहन ने ही किया था पालन पोषण
रचना की बड़ी बहन लक्ष्मी की शादी वर्ष 2005 में फतेजगंज पूर्वी निवासी वीरपाल से हुई। लक्ष्मी के पति बाहर काम करते हैं, छोटे बच्चों की देखभाल के कारण कई सालों से रचना बहन के घर ही रह रही थी। उसने कक्षा 9 तक वहीं पढ़ाई की।