इज्जतनगर इलाके के मुड़िया अहमद नगर निवासी रामू ने बताया कि वह नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी में सुरक्षा गार्ड है और उसकी तैनाती इस समय बरेली स्थित सहारा सिटी होम साइट पर है। मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे आफिस में 20 लोग असलहों से लैस होकर घुस आए। उन्होंने उसे मारा पीटा और आफिस में तोड़फोड़ की। खिड़की दरवाजे और टेबिल आदि तोड़ दी गईं। मोबाइल भी छीन कर रख लिया। आरोप है कि हमलावर आफिस से तीन कंप्यूटर सेट, फोटो स्टेट मशीन और कुर्सी आदि चार पहिया वाहन में भरकर ले गए। आफिस में लगे एसी को भी तोड़कर निकालने का प्रयास किया। विरोध करने पर उस पर बंदूक तान दी और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। रामू ने बताया कि हमलावर अपने मुंह पर कपड़ा बांधे थे, इसलिए वह उन्हें पहचान नहीं पाया। इस मामले की तहरीर इज्जतनगर थाने में दी गई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ फोटो स्टेट मशीन और कंप्यूटर सेट चोरी कर ले जाने के आरोप की रिपोर्ट दर्ज की है।