नौकरी दिलाने के बहाने से बुलाकर एटीएम गार्ड ने महिला को अपने कमरे पर ले जाकर रेप कर दिया। महिला ने कमरे को जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा बंद करके हंगामा खड़ा कर दिया। सूचना पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखकर उसे हिरासत में ले लिया। महिला का मेडिकल कराने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में लगी हुई है।
थाना हाफिजगंज इलाके की रहने वाली महिला के मुताबिक बीस दिन पहले गंगापुर मारवाड़ीगंज स्थित देना बैंक के एटीएम बूथ में वह अपने पति के एटीएम कार्ड को चेक करने आई थी। इन दिनों वह बीसलपुर रोड पर किराए का मकान लेकर रहती है। एटीएम बूथ में उसकी मुलाकात कैंट इलाके के रहने वाले सत्यवीर सिंह यादव से हुई। आरोप है कि सत्यवीर ने उससे कहा कि 50 हजार रुपये में वह उसे नौकरी दिला देगा। मुलाकात के दौरान सत्यवीर ने उससे मोबाइल नंबर ले लिया। सत्यवीर उससे फोन पर बात करता रहा। बृहस्पतिवार को उसने सुबह करीब नौ बजे फोन करके कहा कि रुपये लेकर आ जाना नौकरी लगवा दूंगा। वह दोपहर करीब दो बजे देना बैंक के एटीएम में पहुंच गई। यहां उसने सत्यवीर को 20 हजार रुपये दे दिए। यह रकम उसने अपने एक साथी को बुलाकर दे दी। सत्यवीर ने एटीएम से 50 कदम दूरी पर ही मनोज साहू की कोठी में किराए पर कमरा ले रखा है। वह उसे अपने कमरे पर ले गया। वहां उसने उसके साथ जबरन रेप किया। कमरे से किसी तरह नीचे उतरकर आने के बाद उसने जीने की सीढ़ी बाहर से बंद कर दी। यहीं से उसने पहचान के अरविंद कुमार को बुला लिया। शोर मचने के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। यहां से वह सीधी बारादरी थाने पहुंची। वहां पता लगा कि मामला प्रेमनगर का है। प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर देवेश सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा लिखकर उसका मेडिकल करा दिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर छानबीन कराई जा रही है। महिला दरोगा पीड़ित महिला के बयान लेंगी। सुबूत मिलने के बाद की मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बेवजह परेशान हो गए पहचान वाले अरविंद
थाना हाफिजगंज के रिठौरा गांव के रहने वाले पंडित अरविंद कुमार इन दिनों नरियावल पर रहते हैं। पीड़ित महिला दूसरे समुदाय की है। वह जिस गांव की है वहां पंडित जी के बेटे के ससुराल है। इसलिए महिला से पंडित जी के अच्छे संबंध हैं। महिला के साथ घटना हुई तो उन्होंने सबसे पहले उन्हीं को फोन करके बुलाया। मौके पर महिला ने जैसे ही पंडित जी को चाचा कहा। पुलिस ने फौरन ही उन्हें भी पुलिस की गाड़ी में बैठा लिया। थाने पहुंचने के बाद पंडित जी बेहद परेशान थे। उनका कहना था कि किसी तरह उन्हें मुक्ति दिलाओ। पुलिस ने उनके बयान लिखने के बाद देर रात को छोड़ दिया।
महिला के दूसरे पति की मौत हो चुकी है
पुलिस के मुताबिक महिला का पहले पति से तलाक हो चुका है। उसने दूसरी शादी कर ली थी। उसकी भी मौत हो चुकी है। इन दिनों वह बीसलपुर रोड पर अपनी मां के साथ किराए पर रहती है। पुलिस मामले की छानबीन करने में लगी है। महिला के बारे में पता भी कराया जा रहा है।
सहमति से संबंध बनाए
रेप के आरोपी सत्यवीर सिंह यादव का कहना है कि महिला से उसने सहमति से संबंध बनाए हैं। झूठ बोल रही है। उसने उससे कोई पैसा नहीं लिया है। उससे काफी समय से फोन पर उसकी बात हो रही थी।