प्रदेश में योगी सरकार बनते ही अवैध तरीके से मांस बेचने वालों पर शिकंजा कसा जाना शुरू हो गया है। सोमवार की दोपहर शादी के लिए दुल्हन का भाई टेंपो से मांस लेकर शादी हाल जा रहा था। पुलिस ने जाटवपुरा मठिया के पास टेंपो चालक को मांस के साथ दबोच लिया। दुल्हन का भाई पुलिस को चकमा देकर भाग गया।
कोतवाली के मोहल्ला सराय खाम निवासी अब्दुल सलाम की बेटी की शाहबाद के मैरिज इन शाही हाल में वैवाहिक कार्यक्रम था। इसके लिए उनका बेटा बिलाल टेंपों से नकटिया से एक कुंतल मांस लेकर आ रहा था। पुलिस ने सूचना पर जाटवपुरा मठिया के पास टेंपो रुकवाकर टेपों चालक मोहम्मद रफी गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दुल्हन का भाई बिलाल मौके से फरार हो गया। उप निरीक्षक वृक्षपाल सिंह ने बताया कि मांस का सैंपुल जांच के लिए भेजा गया है। बरामद मांस को नकटिया के पास दफन करा दिया। टेंपो चालक ने बताया कि मांस भैंसे का है, लेकिन बिना जांच के कुछ नहीं कहा जा सकता है। मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखकर टेंपो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।