सिविल लाइंस में कमिश्नर और आईजी ऑफिस के बीच इंडियन बैंक के बाहर स्कूटी पर रखी लावारिस अटैची से शुक्रवार को खलबली मच गई। एक घंटे तक किसी ने अटैची नहीं उठाई तो बम की अफवाह फैल गई। बैंक आने-जाने वाले लोग दहशत में आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने अटैची खोली तो उसमें पेन कार्ड, आधार कार्ड और डायरी आदि मिली।
शुक्रवार दोपहर ढाई बजे अफवाह फैली कि चौकी चौराहा और सर्किट हाउस चौराहे के बीच स्थित इंडियन बैंक के बाहर एक स्कूटी में रखी लावारिस अटैची में बम है। बैंक आने-जाने वाले लोगों के कदम ठिठक गए। लोगों ने स्कूटी के पास खड़े अपने वाहनों को ले जाने की हिम्मत तक नहीं जुटाई। कुछ ही देर में कोतवाल अनिल समानिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अटैची खोलकर देख गया तो उसमें तमाम पेन कार्ड, आधार कार्ड, डायरी, कमल, स्याही पैड और स्टेशनरी सामग्री थी। कोतवाल ने बताया कि छानबीन करने पर पता चला है कि अटैची राजेश जायसवाल पुत्र नरेश जायसवाल की है। वह पेन कार्ड बनवाने का एजेंट हैं। जल्दबाजी में अटैची भूल गए थे। कोतवाल ने बताया कि चूंकि जिस स्थान पर अटैची मिली है, वह पॉश इलाका है इसलिए इसे गंभीरता से लिया गया।