लखनऊ में बुधवार को होने वाली एडीजी (रेलवे) की समीक्षा के लिए तैयार की गई अपराध विवरण की फाइल मुरादाबाद भेजते समय ट्रेन से गायब हो गई। फटकार पड़ने पर आनन फानन में अपराध विवरण से संबंधित दूसरे दस्तावेज निकालकर फैक्स से मुरादाबाद एसपी कार्यालय भिजवाए गए।
राजकीय रेलवे पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक बुधवार को लखनऊ में समीक्षा करेंगे। इसके लिए जीआरपी के सभी थानों से एसपी जीआरपी मुरादाबाद ने अपराध संबंधी विवरण की फाइल तलब की। मांगा गया कि उनके थाने से कितने अपराधी वांछित हैं, कितने इनामी की गिरफ्तारी होनी है, कितनी विवेचनाएं लंबित हैं और कितने गैंग ट्रेनों में सक्रिय हैं। इन्हीं सब बिन्दुओं पर एडीजी अपराध समीक्षा करेंगे। इसके लिए जीआरपी बरेली थाने से अपराध विवरण की फाइल बनाकर मंगलवार सुबह छह बजे बरेली से जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस से आफिस के सिपाही ने एक व्यक्ति को मुरादाबाद तक पहुंचाने के लिए थमा दी। यह व्यक्ति मुरादाबाद फाइल देना भूल गया और सीधा दिल्ली चला गया। मुरादाबाद एसपी जीआरपी के आफिस तक फाइल नहीं पहुंची। इस पर वहां से बरेली थाने को फटकार लगाई गई। इस पर मंगलवार को दोबारा फाइल से संबंधित दस्तावेजों के रिकार्ड की छाया प्रतिलिपि फैक्स से मुरादाबाद एसपी जीआरपी आफिस भेजी गई। इसको लेकर थाने में खासी खलबली मची रही।