बरेली। सिविल लाइंस स्थित एक रियल इस्टेट कंपनी के डायरेक्टर ने कंपनी के मुंशी पर धोखाधड़ी करके लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाए हैं। डायरेक्टर के मुताबिक स्टांप खरीदने के नाम पर आरोपी ने रुपये लिए थे। सीओ प्रथम के आदेश पर आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिला पीलीभीत की अशोक कालोनी निवासी तेजेंद्र सिंह कोतवाली क्षेत्र में सिविल लाइंस स्थित होराइजन ड्यूलिंग प्रा. लि. कंपनी के डायरेक्टर हैं। तेजेंद्र ने बताया कि बारादरी के मोहल्ला कटरा चांद खां निवासी राजीव गुप्ता और उनके भाई दिनेश गुप्ता कंपनी की खरीद फरोख्त में लिखापढ़ी का काम संभालते थे। बताया कि रजिस्ट्री के लिए राजीव कंपनी के अकाउंटेंट सुशील मिश्रा से करीब 5,66,135 रुपये ले चुका है। उनके मुताबिक पिछले दिनों जब वह काम का मुआयना करने ऑफिस पहुंचे तो उन्हें कागजात पूरे नहीं मिले। पूछताछ की गई तो राजीव ने स्टांप छपने भेजने का बहाना बनाया। आरोप है कि स्टांप खरीदने व अन्य लिखा पढ़ी के नाम पर राजीव गुप्ता, दिनेश गुप्ता व राजीव की पत्नी ने कंपनी के लाखों रुपये हड़प लिए। तेजेंद्र ने बताया कि कानूनी कार्रवाई के डर से आरोपियों ने रुपये वापस करने का वादा किया था। लेकिन उसके बाद से संपर्क करना बंद कर दिया।