बरेली। फर्जी सीबीआई और पुलिस अफसर बनकर शहर में ताबड़तोड़ की जा रही टप्पेबाजी की वारदातों में पुलिस को मुरादाबाद के गिरोह पर शक है। इन घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। वारदातों का खुलासा न होने से पुलिस की फजीहत भी हो रही है।
सोमवार को हरिमंदिर के पास राइस मिलर रजत खंडेलवाल की मां स्नेह खंडेलवाल से पांच लाख रुपये के जेवर ठगने वाले बदमाशों का कनेक्शन भी पुलिस मुरादाबाद से जोड़कर देख रही है। पुलिस को मॉडल टाउन में लगे सीसीटीवी कैमरों से बदमाशों की तस्वीर भी मिली है। पुलिस इन तस्वीरों को मुरादाबाद और मेरठ भेजकर वहां की पुलिस से मदद ले रही है।
हाल में हुईं टप्पेबाजी की इन घटनाओं का नहीं हुआ खुलासा
श्यामगंज में फर्जी सीबीआई अफसर बनकर केमिकल कारोबारी के मुुंशी कृष्ण कुमार से 1.46 लाख ठगे गए।
फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर बदमाशों ने पश्चिम बंगाल के सराफ का सिविल लाइंस में जेवर का बैग लूटा।
हरि मंदिर के पास राइस मिलर रजत खंडेलवाल की मां स्नेह खंडेलवाल से पांच लाख रुपये के जेवर ले भागे।
मिनीबाईपास पर राजेंद्र नगर निवासी नारायण हरि अग्रवाल की कार से 22 ग्राम सोना और जरूरी दस्तावेज रखा बैग पार कर दिया।
मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर को कार से तेल रिसने का झांसा देकर बदमाशों ने 50 हजार की नकदी और सामान उड़ाया था।
राजस्थान के नागौर निवासी कैलाश से कचहरी के पास स्थित एसबीआई बैंक में बदमाशों ने गुमराह करके 24 हजार रुपये उड़ाए थे।
बुजुर्ग रफीकुर रहमान से एसबीआई की मुख्य शाखा में बड़े नोट दिलाने का झांसा देकर चार लाख रुपये ठगे गए।
मुरादाबाद के गिरोह पर हमारा शक है। कुछ इनपुट भी मिले हैं। मुरादाबाद, मेरठ और कानपुर पुलिस की मदद ली जा रही है। - रमेश भारतीय, एसपी क्राइम