रोडवेज बस न रुकी तो कर दी फायरिंग, शीशा टूटा
- वीरांगना चौक पर गोली चलने से यात्रियों में दहशत
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। बाइक सवार रंगबाजों ने वीरांगना चौक पर बरेली डिपो की बस को रोकने की कोशिश की, ड्राइवर ने बस नहीं रोकी तो उन्होंने बाइक से पीछा करके उसे रुकवा लिया और फिर फायरिंग कर दी। इसके बाद युवक तमंचा लहराते हुए जंक्शन की तरफ भाग गए। बस ड्राइवर की ओर से कैंट थाने में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पुराना शहर निवासी रोडवेज बस ड्राइवर श्याम वीर सिंह कंडक्टर रूपेश कुमार के साथ शुक्रवार रात बरेली डिपो की बस लेकर आंवला से लौट रहे थे। करीब 8:15 बजे कैंट इलाके में वीरागंना चौक से थोड़ा पहले सड़क किनारे बाइक लिए खड़े तीन युवकों ने हाथ से बस रोकने का इशारा किया लेकिन श्यामवीर ने बस नहीं रोकी। इस पर युवकों ने बाइक से पीछा कर बस रुका ली और फिर गालीगलौज करते हुए तमंचे से गोली चला दी। इससे बस का शीशा टूट गया। गोली चलने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बाद में युवक बाइक लेकर जंक्शन की तरफ भाग निकले।