अलविदा की नमाज के वक्त हाईटेंशन लाइन का तार टूटा
- कुतुबखाना चौराहा पर मची अफरातफरी, ट्रैफिक रोका गया
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। शुक्रवार को अलविदा की नमाज के वक्त कुतुबखाना चौराहा पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से अफरातफरी मच गई। दुकानदारों ने तुंरत ही ट्रैफिक रुकवा दिया और जोर-जोर से आवाज लगाकर लोगों को उधर न की हिदायत देते लगे। गनीमत रही कि तार टूटने के वक्त कुतुबखाना पर भीड़भाड़ कम थी। सब स्टेशन पर सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद करा दी गई।
कुछ लोगों ने पुलिस को भी सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम से वायरलेस पर मेसेज देकर कोहाड़ापीर से कुतुबखाना के बीच यातायात को रोक दिया गया। एहतियातन पुलिस ने लोगों को दूसरे रास्तों से डायवर्ट कर दिया। करीब 20 मिनट बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बिजली लाइन का तार हटाया। इसके बाद ट्रैफिक चालू कर दिया गया। यह इलाका बेहद व्यस्त रहता है, लेकिन उस वक्त अलविदा की नमाज का वक्त होने की वजह से भीड़भाड़ कम थी।