छात्राएं बोलीं, शोहदों की वजह से स्कूल जाने में लगता है डर
सुभाषनगर थाने में शोहदे के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
एंटी रोमियो स्क्वाड नदारद, शोहदे बेखौफ
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। योगी शासन आने के बाद छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड बनाया गया, लेकिन यह नदारद रहता है। नतीजा स्कूल और कोचिंग जाने वाली छात्राएं शोहदों की दहशत में स्कूल जाने से ही मना कर रही है। ताजा मामला बदायूं रोड निवासी एक परिवार का है। पीड़ित पिता के मुताबिक उनकी 14 और आठ साल की दो बेटियां एक साथ स्कूल जाती हैं। बीच रास्ते में उन्हें मोनू रोककर अश्लील बात करता है। उनकी बेटियां मना करती है तो वह जान से मारने की धमकी देता है। उनकी बेटियों ने अपने साथ होने वाले वाकये के बारे में बताया तो पिता बेटी के साथ गये तब मोनू ने उनसे भी झगड़ा किया। इसके बाद पीड़ित पिता ने शुक्रवार को मोनू के खिलाफ सुभाषनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। सुभाषनगर थाने के इंस्पेक्टर संजीव कुमार के मुताबिक जल्द मोनू को पकड़ लिया जाएगा। बता दें ऐसा ही एक मामला प्रेमनगर थाने में पहुंचा था, बृहस्पतिवार को दर्ज एफआईआर में दो छात्राओं ने नीम की मठिया पर शोहदों द्वारा परेशान किये जाने की बात कही थी।