रैगिंग का विरोध करने पर एक कालेज के छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। दोनों गुटों में जमकर हाकियां चलीं। मौके पर इकट्ठा हुए शिक्षक व अन्य स्टाफ ने बीचबचाव कराया। छात्रों के एक गुट ने दूसरे पर सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
क्षेत्र के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में शनिवार सुबह मैकेनिकल प्रोडक्शन अंतिम वर्ष के कैंट निवासी छात्र को सिविल इंजीनियरिंग के बुलंदशहर निवासी निलंबित छात्र व उसके साथी परेशान करने लगे। वह उसरी रैगिंग करने लगे। विरोध पर आरोपियों ने छात्र और उसके दोस्त के साथ साथियों को बुलाकर मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक आरोपी पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है। एक हफ्ता पहले भी रैगिंग को लेकर उसका कुछ छात्रों से झगड़ा हुआ था। प्रधानाचार्य तक बात पहुंचने पर आरोपी छात्रों को दो महीनों के लिए निलंबित कर दिया गया था। उसके बावजूद वह कॉलेज में घुस आए और मारपीट की। इंस्पेक्टर राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि आरोपों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज प्रशासन से भी बात करेंगे।