देवी मंदिर का ताला तोड़कर हजारों की चोरी
लखीमपुर खीरी। एलआरपी चौकी क्षेत्र के तहत श्री रामनगर कॉलोनी स्थित भगवती माता मंदिर का रविवार की रात चोरों ने ताला तोड़ दिया। चोर सोने की नथुनी, मांगबेदी, पायल, बिछिया और दानपात्र से करीब 10 हजार रुपये की उठा ले गए। इस घटना से आसपास के लोगों में खासा गुस्सा है। बताया जा रहा है कि
रविवार की शाम सात बजे आरती के बाद मंदिर में ताला डाल दिया गया था। चाबी मोहल्ले के ही संतराम के पास रहती है। रात में चोरों ने चैनल का ताला तोड़ दिया। मंदिर में रखे दानपात्र का भी ताला तोड़कर करीब 10 हजार रुपये व मां के जेवर उठा ले गए। सुबह जब संतराम मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। इससे मोहल्ले वालों में रोष फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया है, लेकिन तहरीर मिलने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।