बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में चौराहे पर ऑटो के इंतजार में खड़ी बीए की छात्रा से खींचतान कर रहे एक व्यक्ति को देखकर भीड़ एकत्र हो गई। छात्रा ने अगवा करने का शोर मचाया। तब भीड़ ने व्यक्ति को जमकर पीटा और पुलिस को सौंप दिया। छात्रा ने तहरीर में पड़ोसी का भी नाम लिखा। आरोप है कि उसी ने इशारा करके घटना कराई है। उधर, पुलिस आरोपी को मानसिक मंदित मानकर पड़ोसी की भूमिका की जांच कर रही है।
छोटी विहार निवासी छात्रा एक कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है। वह पेपर देने सुबह छह बजे घर से निकली। छात्रा के मुताबिक साढ़े छह बजे वह महाकालेश्वर मंदिर के सामने खड़ी होकर ऑटो का इंतजार कर रही थी। उसने थोड़ी दूरी पर अपने 45 वर्षीय पड़ोसी को खड़ा देखा। आरोप लगाया कि पड़ोसी ने इशारा किया तो करीब 40 साल उम्र के व्यक्ति ने आगे आकर उससे नाम पता पूछकर अभद्रता शुरू कर दी। उसने चप्पल निकाली तो वह भाग गया। वह फिर ऑटो देखने लगी। पांच मिनट बाद वही शख्स पीछे से घूमकर आया और उसका मुंह दबाकर पीछे खड़ी एक कार की ओर खींचने लगा। उसने विरोध किया तो पीटने लगा। तब उससे खुद को छुड़ाकर वो चिल्लाई। स्थानीय लोग जुटे और आरोपी की पिटाई कर दी। उसने किसी से मोबाइल लेकर 100 नंबर पर कॉल की तो पुलिस आ गई। आरोपी को थाने ले जाया गया। यहां पिता के साथ जाकर उसने अज्ञात आरोपी और अपने पड़ोसी के खिलाफ तहरीर दी। छात्रा की माने तो छह महीने पहले ही वे नया मकान बनवाकर शिफ्ट हुए हैं। तब से पड़ोसी उन्हें परेशान करने में लगा है। उन्हें जानकारी मिली है कि पड़ोसी ने ही अपने परिचित से यह हमला कराया था।
पकड़ा गया व्यक्ति मानसिक मंदित है। वह बहकी-बहकी बातें कर रहा है। छात्रा और उसके परिजनों से बात करके पड़ोसी के बारे में जानकारी ली जा रही है। पड़ोसी की भूमिका इसमें निकली तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - मनोज त्यागी, इंस्पेक्टर इज्जतनगर