बरेली। उधारी लौटानेे में देरी होने पर सटोरिये कुप्पी ने बकायेदार को बाजार में रोककर साथियों के संग हमला कर दिया। पीड़ित को चाकू मारकर ये लोग फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कुप्पी और उसके तीन साथियों के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज की है।
जोगीनवादा के नदीम ने बताया कि वह शुक्रवार शाम बाजार से लौट रहा था। रास्ते में कुप्पी, उसके भांजे गंगा और दो दोस्त सहदेव एवं गौरीशंकर ने उन्हें आयुर्वेदिक कॉलेज के पास रोक लिया। कुप्पी के कुछ रुपये उन पर उधार आ रहे थे। कुप्पी ने नदीम से उधार दिए रुपये तुरंत देने को कहा। रुपये न होने की बात कहने पर गालीगलौज शुरू हो गई। पीछे से उसके साथियों ने आकर नदीम पर चाकू से हमला दिया। लोगों के इकट्ठे होने पर आरोपी नदीम को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। कुप्पी अभी कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से छूटा है। नदीम प्राथमिक उपचार के बाद अपने घर चले गए।