सीबीगंज। पहले पति की टीबी से मौत के बाद दूसरी शादी करके लौटी महिला ने थाना सीबीगंज पहुंचकर पूर्व पति की बहन पर तीन साल के बेटे टिंकू को 50 हजार में बेच देने के आरोप लगाए। ननद अनीता के मुताबिक बच्चे को अलीगढ़ के एक परिवार को गोद दिया गया है, लेकिन जब पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि लिखापढ़ी में बच्चे के माता-पिता दोनों को मृत दिखाया गया है।
गांव सरनिया निवासी सीमा ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि तीन साल पहले उसके पहले पति कल्लू की टीबी से मौत हो गई थी। उसके इलाज के दौरान ही उसने अपने एक साल के बेटे टिंकू को फतेहगंज पश्चिमी के गांव सुकटिया में रहने वाली ननद अनीता को परवरिश के लिए दे दिया था। कल्लू की मौत के कुछ महीने बाद सीमा ने हेमराज से दूसरी शादी कर ली। कुछ दिन पहले सीमा ने अनीता से अपना बेटा वापस मांगा तो अनीता और उसका पति शिशुपाल टालमटोल करने लगे। गांव के लोगों से पूछने पर पता चला कि कुछ दिन पहले टिंकू को उन्होंने कासगंज के किसी व्यक्ति को 50 हजार रुपये में बेच दिया है। इंस्पेक्टर जेपी यादव ने बताया कि सीमा की ओर से तहरीर मिलने के बाद दोनों पक्षों को सोमवार को थाने बुलाया गया है।
ननद ने भाई-भाभी की मौत दिखाकर बच्चा दिया
फतेहगंज पश्चिमी के गांव सुकटिया में अनीता से संपर्क करने पर पता चला कि उन्होंने दो जनवरी को लिखापढ़त में टिंकू को अलीगढ़ जिला के तहसील अतरौली के छर्रा गांव में रहने वाले अंशुल माहेश्वरी को गोद दिया है। स्टांप पेपर पर हुए एग्रीमेंट में टिंकू की मां सीमा की भी मौत होना दिखाया गया है। पिता सुरेंद्र की सड़क दुर्घटना में मौत दिखाई गई थी। पुलिस मामले में गड़बड़ी होने की आशंका मान रही है। इंस्पेक्टर जेपी यादव ने बताया कि बच्चे के नाम पर फतेहगंज पश्चिमी में ही आठ बीघा जमीन है। हो सकता है कि इस जमीन का भी बच्चे को अलीगढ़ के परिवार को दिए जाने से संबंध हो।