बरेली। कैंट के सैन्य क्षेत्र स्थित बूचरी के जंगल में केरल निवासी फौजी का शव रविवार को पीपल के पेड़ पर लटका मिला। उनके मुंह पर टेपा चिपका था। सैन्य प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें हैंगिग से मौत की पुष्टि हुई।
जीडी लांसनायक 28 वर्षीय शीनू जोजफ केरल में मल्लानुरम जिले के इरनाड थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव पंडालुर के निवासी थे। वह वर्ष 2010 से सेना में कार्यरत थे और बरेली की 195 मीडियम रेजीमेंट में तैनात थे। शनिवार शाम शीनू रोल कॉल में नहीं पहुंचे तो तलाश की गई लेकिन वह एआरटी स्थित बैरक में भी नहीं मिले और मोबाइल भी बंद था। रविवार सुबह बैरक से दो सौ मीटर आगे बूचरी के जंगल में पीपल के पेड़ में प्लास्टिक की रस्सी से उनका शव लटका मिला। सेक्शन कमांडेंट अनिल कुमार ने कैंट इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह को सूचना दी। पुलिस के साथ फील्ड यूनिट भी पहुंची। शीनू के मुंह पर टेप चिपका था। सेना पुलिस के एसआई महेंद्र यादव समेत पुलिस ने काफी देर इस पर जांच की। मगर बाकी टेप उनकी जेब में ही मिला। मौके से पुलिस ने शराब का क्वार्टर, गिलास और सिगरेट के दो टोटे बरामद किए।
प्रेमिका की मौत से था अवसाद
एसआई गौरव त्यागी की सैन्य अफसरों से बातचीत के दौरान सामने आया कि एक साल पहले शीनू की केरल निवासी प्रेमिका ने सुसाइड कर लिया था। इसके बाद से वह अवसाद में थे। शायद इसी वजह से उन्होंने जान दे दी। अब पुलिस शीनू की बैरक की तलाशी लेगी और मोबाइल की जांच करेगी। गुजरात में नौकरी करने वाले शीनू के भाई को सूचना दे दी गई है, वह सोमवार को पहुंचेंगे।