कुतुबखाना सब्जीमंडी में महिला से चेन स्नेचिंग के 24 घंटे के अंदर कोतवाली पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटी गई चेन बरामद कर ली। सामने आया कि एक युवक चाय की दुकान तो दूसरा कपड़े की दुकान पर काम करता था। चेन बरामदगी के बाद दोनों को जेल भेजा गया है।
बिहारीपुर के करोलान निवासी मोईन बेग शनिवार शाम करीब सात बजेे पत्नी शबीना के साथ कुतुबखाना सब्जीमंडी गए थे। वहां बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी पत्नी की गले की चेन लूट ली। उन्होंने दौड़कर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। मगर उनकी बाइक का नंबर मोईन ने देख लिया। कोतवाली पुलिस को बाइक नंबर बताया तो चक महमूद निवासी अरहान और असलम को गिरफ्तार कर लिया गया। मोईन और उनकी पत्नी ने दोनों को पहचान भी लिया। उनके पास से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद हो गई। तलाशी में दोनों के पास से तमंचा और कारतूस भी मिला। रविवार को उनका मेडिकल कराने के बाद जेल भेजा गया। पूछताछ में सामने आया कि अरहान चाय की दुकान पर काम करता है, जबकि असलम एक कपड़े की दुकान पर नौकरी करता है।