जनपद में एंटी रोमियो स्क्वाड की टीमों का पुनर्गठन एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने पुलिस लाइंस में किया। शहर के दस थानों के स्तर पर 10 टीमें सक्रिय रहेंगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्र के पांच सर्किल में पांच टीमें शोहदों पर कार्रवाई करेंगी। एंटी रोमियो स्क्वाड की टीमों का नोडल अधिकारी एसपी सिटी और ग्रामीण को बनाया गया। सहायता के लिए नोडल अधिकारी में सीओ मीरगंज सीमा यादव को भी नामित किया गया है। वह इसका प्रदेश स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं।
अमर उजाला ने एंटी रोमियो स्क्वाड के सिर्फ 20 दिन चलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद एंटी रोमियो स्क्वाड का पुनर्गठन किया गया। अब शैक्षणिक संस्थान, मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और व्यस्त बाजार में एंटी रोमियो की टीमें सक्रिय रहेंगी। ऑपरेशन में महिला कांस्टेबल सादी वर्दी में मौजूद रहेंगी, ताकि उनकी पहचान नहीं हो सके। सभी क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्र में छेड़छाड़ वाले स्पॉट चिह्नित करके ड्यूटी लगाएंगे। ड्यूटी चार्ट बनाकर जारी किया जाएगा।
पहली से तीसरी बार काउंसलिंग, फिर कार्रवाई
छेड़खानी की शिकायत पर टीम पहुंचकर आरोपी युवकों को चेतावनी देगी। दूसरी बार पकड़े जाने पर अभिभावकों को बुलाकर उनको समझाएगी। तीसरी बार पकड़े जाने पर कांउसलिंग और चौथी बार पकड़े जाने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई होगी। सभी टीमें यह कार्रवाई अपने रजिस्टर में नोट करेंगी। इसका निरीक्षण नोडल अधिकारियों को करना होगा।
पांच कैमरे दिए गए
टीम को पांच कैमरे दिए गए हैं जो महिला थाना, कोतवाली, इज्जत नगर और प्रेम नगर थानों की टीम को मिले हैं। सभी टीमोें को बॉडी वॉर्न कैमरे दिए जाएंगे जो वर्दी पर लगे होंगे, ताकि कार्रवाई के दौरान पुलिस पर अभद्रता के आरोप न लगे। यह टीमें अश्लील गाने बजाने वाली दुकान, सीडी बेचने वाली दुकानों पर भी कार्रवाई करेंगी।
छात्राओं को करेंगे जागरूक
यह टीमें अपने क्षेत्र के स्कूलों में जाकर जागरूक भी करेंगी। छात्राओं को सशक्त बनाकर उनको पॉवर एंजिल के रूप में विकसित करना है। हर दिन प्रभारी अपनी टीम का दो-दो घंटे में लोकेशन लेंगे। गलत लोकेशन देने वाली टीमों के खिलाफ कार्रवाई होगी।