बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में एसबीआई एटीएम से 25 लाख रुपये गबन के मामले में तीनों आरोपी जेल में बंद हैं। कोर्ट की अनुमति से पुलिस ने जेल जाकर मुख्य आरोपी के बयान लिए तो उसने गुनाह कबूल कर लिया पर साथियों को भी कसूरवार ठहराया। पुलिस ने जेल में तीनों आरोपियों को पास बैठाकर सच जानने की कोशिश की तो उन्होंने आपस में बात ही नहीं की।
एसबीआई के 13 एटीएम की सुरक्षा और कैश डालने की जिम्मेदारी निभाने वाली एजेंसी का कर्मचारी पीलीभीत निवासी सुनील कटियार बिना सीसीटीवी व गार्ड वाले कैंट के दो एटीएम से 25 लाख का कैश निकाल कर इज्जतनगर थाने से तमंचे की मामूली धारा में जेल चला गया था। उसके खिलाफ कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तलाश किया तो सच सामने आया। पुलिस ने उसके दोनों साथी संदीप और विजय को भी पिछले दिनों जेल भेज दिया। शनिवार को नटवरलाल सुनील से जेल में पुलिस ने पूछताछ की। बताते हैं कि पुलिस के सामने उसने जुर्म कबूल लिया। हालांकि दोनों साथियों पर भी कुछ रकम होने की बात बताई। तब पुलिस ने जेल में ही तीनों का सामना कराया। संदीप और विजय ने सुनील से बात ही नहीं की। इंस्पेक्टर कैंट अशोक पाल ने बताया कि आरोपी अभी भी सच छुपा रहे हैं। लगता है बाकी दोनों को भी गबन की रकम का कुछ हिस्सा मिला है। ऐसे में कायदे से जांच के बाद ही चार्जशीट लगाई जाएगी।