गांधी उद्यान के पास कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक लग्जरी कार से चार युवकों को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से तमंचा, चाकू और डंडे बरामद हुए। पूछताछ में युवकों ने पुलिस को बताया कि उनके दोस्त का किसी से झगड़ा हो गया था। उसी का निपटारा करने जा रहे थे। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर कार सीज कर दी।
पटेलविहार निवासी सूरज सिंह मूल रूप से पुवायां (शाहजहांपुर) का रहने वाला है। वह सुधांशु शर्मा की किराए पर चलने वाली कार चलाता है। कार में उसके साथ प्रभात कुमार निवासी शांतिविहार, आकाश कश्यप निवासी सुभाषनगर और त्रिमूर्ति पैलेस के पास रहने वाला करन कश्यप पकड़ा गया। पूछताछ में इन लोगों ने पुलिस को बताया कि वे बीडीए कॉलोनी में दोस्त के साथ मारपीट होने की सूचना पर गए थे। तमंचा उन्होंने धीरज कश्यप निवासी बदायूं रोड, सुभाषनगर से लिया था। उनके पास से तीन चाकू भी बरामद हुए।