आंवला (बरेली)। स्टेट बैंक के सामने बीच चौराहे शनिवार सुबह नगर पालिक की महिला सफाई कर्मचारी ऊषा देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिन दहाड़े हुई वारदात से आसपास के लोग सहम गए। मृतका के बेटे ने दो सफाई कर्मचारी समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। एसपी देहात ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई भी की जाएगी। वारदात की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है।
मृतका ऊषा देवी (47) के बेटे शिवम वाल्मीकि की ओर से दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक एक महीना पहले दावत के दौरान महिला के पति का आरोपियों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। मारपीट तक की नौबत आ गई थी। कुछ दिन पहले भी नगर पालिका में हाजिरी लगाने के दौरान महिला के बेटे का आरोपियों से विवाद हो गया। इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। शनिवार सुबह नौ बजे जाटवपुर की रहने वाली ऊषा देवी (47) दवा लेने जा रही थीं। रास्ते में स्टेट बैंक तिराहे पर पहले से घात लगाए बैठे स्टेट बैंक के पास छोटी बाजार निवासी आकाश वाल्मीकि, अरुण, सोनू, शेखर, छोटा और विजेंद्र ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। आकाश ने तमंचा निकालकर महिला के पेट में गोली मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतका काफी तेजतर्रार थी। एसपी देहात संसार सिंह यादव ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। सरेराह घटना से दहशत फैली है, इसलिए रासुका के तहत भी कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।