जलालाबाद। नगर के बारह पत्थर चौराहे के पास शाहजहांपुर रोड पर बृहस्पतिवार दोपहर डंपर की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई, जबकि पति और तीन वर्षीय बेटी बाल-बाल बच गई। महिला पति के साथ पैदल जलालाबाद खरीदारी करने व चूड़ी पहनने जा रही थी। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने मौके से भागने की कोशिश कर रहे डंपर के चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर पेड़ डालकर जाम लगा दिया। ढाई घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे। सीओ, तहसीलदार ने बमुश्किल जाम खुलवाया।
शाहजहांपुर रोड किनारे स्थित बस्ती विश्रामनगर निवासी नरेंद्र के साढ़ू थाना कांट के गांव अमौरा निवासी देवेंद्र की बहन की बरात है। बरात में शामिल होने से पहले नरेंद्र अपनी पत्नी 26 वर्षीय सोनी और तीन साल की बेटी पल्लवी को साथ लेकर जलालाबाद में सामान की खरीदारी करने पैदल आ रहे थे। पल्लवी नरेंद्र की गोद में थी। दोपहर करीब 12:30 बजे जब सभी लोग शाहजहांपुर रोड पर थे, इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने सोनी को चपेट में ले लिया। उसकी साड़ी डंपर की बॉडी में फंस गई। इससे सोनी रोड पर कई मीटर घिसटती चली गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के दौरान नरेंद्र को डंपर की हवा लग गई और वह बेटी समेत सड़क किनारे खाईं में जा गिरा। रोड किनारे बस्ती होने से गांव वाले दौड़ पड़े और कुछ दूर जा पाए डंपर को चालक समेत पकड़ लिया। ग्रामीणों ने चालक को जमकर धुना। बाद में ग्रामीणों में पेड़ काटकर रोड पर डाल दिया और जाम लगा दिया। सूचना पाकर सीओ शिव प्रसाद दुबे, तहसीलदार इरफानउल्ला, प्रभारी कोतवाल कुलदीप मिश्रा के अलावा कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया और जाम खुलवाने की कोशिश की लेकिन मृतका के मायके व ससुराल वाले मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े हुए थे। करीब तीन बजे मृतका की मां वहां पहुंच गई। इसके बाद अधिकारियों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन देकर किसी तरह घर वालों को मनाने के बाद जाम खुलवाया। घंटो जाम रहने से रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और उसमें फंसे यात्री बेहाल हो गए। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेने के साथ ही डंपर को भी कब्जे में ले लिया है।
घटना के बाद डंपर को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।
शिव प्रसाद दुबे, सीओ